नासिक में महिला से छेड़खानी और परिवार पर हमले के आरोप में नौ लोग गिरफ्तार
आशीष
- 14 Jul 2026, 08:34 PM
- Updated: 08:34 PM
नासिक, 14 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के नासिक जिले में भवाली बांध पर 44 वर्षीय एक महिला पर्यटक के साथ कथित छेड़छाड़ और उसके परिजनों पर हमले के दो दिन बाद पुलिस ने मंगलवार को इस मामले में नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक महिला द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, वह रविवार को अपने पति, बेटे, बेटी, देवर और दो भतीजों के साथ बांध के पास एक झरने पर गई थीं। इसी दौरान दो युवकों ने उन्हें देखकर सीटी बजाई और उनके साथ छेड़छाड़ की।
शिकायत के अनुसार, जब महिला के परिजनों ने विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की, महिला के कपड़े फाड़ दिए और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। महिला का आरोप है कि जब उसके पति ने मोबाइल वापस लेने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनके गले से 20 ग्राम की सोने की चेन भी छीन ली और उनके साथ मारपीट की।
शिकायत के अनुसार, जब परिवार वहां से निकलने लगा तो आरोपियों ने कार और मोटरसाइकिल से उनकी एसयूवी गाड़ी का पीछा किया, आगे निकलकर उसका रास्ता रोक लिया। इसके बाद कार से आठ-नौ लोग डंडे, लोहे की रॉड और बेसबॉल बैट लेकर उतरे तथा उन्होंने एसयूवी गाड़ी का शीशा तोड़ दिया और महिला को जबरन वाहन से बाहर निकलने पर मजबूर किया।
महिला ने बताया कि बदमाशों ने कथित तौर पर उसके साथ छेड़छाड़ की और उनमें से एक ने उसके सिर पर बेसबॉल बैट से वार करने की कोशिश की, लेकिन वह वार से बच गई।
पुलिस के मुताबिक घटनास्थल से किसी तरह निकलने के बाद पीड़ित परिवार सीधे थाने पहुंचा और घटना का वीडियो पुलिस को सौंप दिया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इगतपुरी थाने में मामला दर्ज कर मंगलवार को नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
नासिक ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक डॉ. डी. एस. स्वामी ने बताया, ''इस घटना के सिलसिले में छेड़छाड़, हत्या के प्रयास और डकैती का मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार सभी आरोपी गिरनारे, नांदगांव साडो, माणिकखांब गांव और आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले हैं। घटना के वीडियो फुटेज के आधार पर छह-सात अन्य आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है।''
उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान विशाल भटाटे (27), अनिकेत मनवेधे (24), अनिरुद्ध भागड़े (25), सागर उर्फ लोकेश गिते (22), विनोद बोराडे (26), सचिन अडोले (29), अर्जुन अडोले (25), देवीदास भगत (25) और अजय दलभगत (20) के रूप में हुई।
भाषा रवि कांत आशीष
आशीष
1407 2034 नासिक