पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल की मां ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर जल्द न्याय दिलाने की अपील की
नरेश
- 14 Jul 2026, 02:17 PM
- Updated: 02:17 PM
पुणे, 14 जुलाई (भाषा) पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में उनकी मां राखी अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर बेटे को न्याय दिलाने की गुहार लगाई।
उन्होंने कहा कि वह किसी सहानुभूति या विशेष रियायत की नहीं, बल्कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग कर रही हैं।
प्रधानमंत्री को ई-मेल के जरिए भेजे गए भावुक पत्र में राखी अग्रवाल ने लिखा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें अपने ही बेटे के लिए न्याय मांगने की नौबत आएगी।
उन्होंने लिखा, ''हर मां की तरह मेरा भी सपना था कि केतन अपनी जिंदगी खुशी से जिए, शादी करे और हमारे साथ रहे लेकिन इसके बजाय मुझे अपने बेटे का अंतिम संस्कार करना पड़ा।''
उन्होंने कहा, ''मेरे बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई और उसके साथ ही मेरी पूरी दुनिया चली गई। घर का हर कोना उसकी याद दिलाता है... उसकी हंसी की जगह जो सन्नाटा है, हर दिन याद दिलाता है कि वह कभी लौटकर नहीं आएगा।''
राखी अग्रवाल ने पत्र में परिवार की एक और त्रासदी का जिक्र करते हुए कहा कि केतन की मौत के 20 दिन बाद उनके ससुर का भी निधन हो गया, क्योंकि वह अपने पोते को खोने का गम सहन नहीं कर सके।
उन्होंने लिखा, ''मोदी जी, मैं सिर्फ एक मां हूं। मैं आपसे न सहानुभूति मांग रही हूं और न कोई विशेष रियायत। मैं केवल न्याय मांग रही हूं।''
उन्होंने प्रधानमंत्री से मामले में शीघ्र न्याय सुनिश्चित करने का आग्रह करते हुए कहा कि इस प्रकरण को गंभीरता से लिया जाए और बिना अनावश्यक देरी के दोषियों को सजा दिलाई जाए।
राखी ने लिखा, ''कृपया केतन को महज एक 'केस फाइल' बनकर मत रह जाने दीजिए। वह किसी का बेटा, किसी का पोता और किसी का भाई था, लेकिन मेरे लिए वह मेरी पूरी दुनिया था।''
उन्होंने कहा कि वह हर रात बेटे की तस्वीर देखकर उससे कहती हैं कि उसकी मां आज भी उसके लिए लड़ रही है।
उन्होंने लिखा, ''मुझे उम्मीद है कि एक दिन मैं तुमसे कह सकूंगी कि तुम्हें न्याय मिल गया।''
केतन अग्रवाल (26) की 18 जून को पुणे जिले के लोहागढ़ किले के पास एक घाटी में गिरने से मौत हो गई थी। शुरुआत में पुलिस ने इस संदर्भ में दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया था, लेकिन बाद की जांच में इसे सुनियोजित हत्या करार दिया।
इसके बाद पुलिस ने केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया।
पुलिस का आरोप है कि दोनों ने साजिश के तहत लोहागढ़ किले की सैर के दौरान केतन को चट्टान से धक्का देकर उसकी हत्या की।
पुलिस के अनुसार, जांच में डिजिटल साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य सबूत मिले हैं, जिनसे हत्या की पूर्व नियोजित साजिश का संकेत मिलता है। दोनों आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है।
भाषा
राखी नरेश
नरेश
1407 1417 पुणे