बंगाल भाजपा अध्यक्ष ने हवाई अड्डा की मस्जिद को स्थानांतरित करने का समर्थन किया
वैभव
- 13 Jul 2026, 08:03 PM
- Updated: 08:03 PM
कोलकाता, 13 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने सोमवार को कोलकाता स्थित हवाई अड्डा परिसर में मौजूद 136 साल से अधिक पुरानी बांकरा मस्जिद को दूसरी जगह स्थानांतरित करने के प्रस्ताव का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि यह मामला अवसंरचना और उड्डयन सुरक्षा से जुड़ा है और इसे मंदिर-मस्जिद विवाद नहीं बनने देना चाहिए।
पत्रकारों से बातचीत में भट्टाचार्य ने कहा कि शहर की बढ़ती उड्डयन जरूरतों को पूरा करने के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस अतंरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रनवे का विस्तार जरूरी है।
उन्होंने कहा, ''यह मंदिर या मस्जिद का मामला नहीं है। अगर मस्जिद की जगह मंदिर भी होता, तो भी उसे दूसरी जगह ले जाया जा सकता था। जब दृश्यता शून्य हो जाती है, तो हमारे दम दम हवाई अड्डे पर विमान नहीं उतर पाते। विस्तार जरूरी है।''
विमानन क्षेत्र के विशेषज्ञों की चिंताओं का जिक्र करते हुए भट्टाचार्य ने कहा कि 'पीटीसी एविएशन एकेडमी' ने भी रनवे विस्तार की जरूरत पर जोर दिया था।
उनके ये बयान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के उस बयान के एक दिन बाद आए हैं, जिसमें उन्होंने मस्जिद में प्रवेश पर लगी पाबंदियों का बचाव करते हुए कहा था कि राष्ट्रीय सुरक्षा और रणनीतिक रूप से अहम कोलकाता अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
अधिकारी ने कहा था कि चीन और बांग्लादेश के पास होने के कारण यह हवाई अड्डा एक अहम जगह है और उन्होंने जोर देकर कहा कि इसके गेट बाहरी लोगों के लिए खुले नहीं रखे जा सकते।
मुख्यमंत्री ने मस्जिद में सामूहिक नमाज को कुछ समय के लिए रोके जाने पर जताई गई आपत्तियों का जवाब देते हुए कहा था, ''हमने किसी को भी अपने धर्म का पालन करने से नहीं रोका है... राष्ट्रीय सुरक्षा और हवाई अड्डा की सुरक्षा को बाकी सभी चीजों से अधिक प्राथमिकता दी जाएगी।''
यह विवाद तब शुरू हुआ जब हवाई अड्डा प्राधिकरण ने मरम्मत के काम का हवाला देते हुए शनिवार से तीन दिन के लिए गौरीपुर जामा मस्जिद (जिसे बांकरा मस्जिद भी कहा जाता है) में 'नमाज' पर रोक लगा दी थी।
भाजपा का कहना है कि उच्च सुरक्षा वाले हवाई अड्डा परिसर के अंदर मस्जिद के होने से परिचालन और सुरक्षा से जुड़े मसले पैदा होते हैं।
दमदम उत्तर से भाजपा विधायक सौरव सिकदर ने दावा किया था कि मस्जिद के होने से हवाई अड्डा के दोनों रनवे का पूरी तरह उपयोग नहीं हो पाता है और लोगों को बिना बायोमेट्रिक पास या पृष्ठभूमि सत्यापन (जो दूसरे आंगतुकों के लिए जरूरी होते हैं) के नमाज पढ़ने के लिए उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति मिल जाती है।
भाषा संतोष वैभव
वैभव
1307 2003 कोलकाता