गौड़ के तीन विकेट, इंग्लैंड के लंच तक पांच विकेट पर 137 रन
आनन्द
- 11 Jul 2026, 06:13 PM
- Updated: 06:13 PM
लंदन, 11 जुलाई (भाषा) क्रांति गौड़ की शानदार स्विंग गेंदबाजी की बदौलत भारत ने ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर खेले जा रहे एकमात्र महिला टेस्ट के दूसरे दिन शनिवार को लंच तक इंग्लैंड का स्कोर पांच विकेट पर 137 रन कर दिया।
ब्रेक तक कप्तान नैट साइवर-ब्रंट 39 रन पर खेल रही हैं। उन्होंने और एमी जोन्स (52) ने पांचवें विकेट के लिए 84 रन की साझेदारी करके भारतीय गेंदबाजों का डटकर सामना किया। लेकिन पहले सत्र में पूरी तरह से भारत का दबदबा रहा।
इंग्लैंड ने सुबह एक विकेट पर 21 रन से आगे खेलना शुरू किया लेकिन पहली पारी के हिसाब से अब भी 148 रन पीछे है। मैडी विलियर्स पांच रन बनाकर ब्रंट का साथ दे रही हैं।
भारत के दबदबे का श्रेय गौड (10 ओवर में 25 रन देकर तीन विकेट) की शुरुआती ओवरों की शानदार गेंदबाजी को जाता है, जिसमें उन्होंने दो अहम विकेट झटके।
इस तेज गेंदबाज ने दिन के दूसरे ओवर में माइया बूचियर (23 रन) को आउट किया जब ऑफ स्टंप से बाहर जाती गेंद पर उनका बल्ला लगा और विकेटकीपर यास्तिका भाटिया ने आसान कैच लपक लिया।
हालांकि एलिस कैप्से का विकेट सुबह के सत्र का सबसे शानदार क्षण रहा। गौड़ की गेंद ने हल्का-सा मूवमेंट किया जिससे कैप्से का डिफेंस काम नहीं आया और गेंद सीधे ऑफ स्टंप से जा टकराई।
साथी तेज गेंदबाज सयाली सतघरे ने अनुभवी हीथर नाइट को अंदर आती हुई गेंद पर पगबाधा आउट करके इंग्लैंड का स्कोर चार विकेट पर 47 रन कर दिया।
इस समय घरेलू टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकलने के लिए एक अच्छी साझेदारी की जरूरत थी। ब्रंट और जोन्स ने 84 रन की साझेदारी करके उन्हें वही दिया।
जोन्स ने 59 गेंदों में महिला टेस्ट में अपना दूसरा अर्धशतक पूरा किया। वह गौड़ और सतघरे की गेंदों पर आसानी से ड्राइव और पुल शॉट खेल रही थीं।
वहीं ब्रंट ने शुरूआत में सहयोगी की भूमिका निभाई, लेकिन बीच बीच में आक्रामक तेवर भी दिखाए। उन्होंने गौड़ की गेंद पर एक शानदार चौका लगाया और बाद में स्पिनर स्नेह राणा की गेंद पर स्लॉग स्वीप खेलते हुए छक्का जड़ा जिससे इंग्लैंड ने भारत का दबदबा कम करने का प्रयास किया।
हालांकि यह मजबूत साझेदारी तब टूटी जब जोन्स ने स्नेह राणा की गेंद को हल्के हाथों से लेग साइड में मोड़ने की कोशिश की। गेंद बल्ले के ऊपरी हिस्से से लगकर हवा में उछली और शॉर्ट लेग पर खड़ी ऋचा घोष ने आसान कैच लपककर उनकी पारी का अंत कर दिया।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द
1107 1813 लंदन