गुरुग्राम मुठभेड़ के बाद फिर चर्चा में आया गैंगस्टर दीपक नांदल का अंतरराष्ट्रीय रंगदारी गिरोह
नेत्रपाल
- 11 Jul 2026, 03:56 PM
- Updated: 03:56 PM
गुरुग्राम, 11 जुलाई (भाषा) हरियाणा में गुरुग्राम के पॉश सुशांत लोक इलाके में देर रात पुलिस की एक बड़ी कार्रवाई में चार बदमाशों के मारे जाने और एक के घायल होने के बाद गैंगस्टर दीपक नांदल तथा उसके अंतरराष्ट्रीय रंगदारी गिरोह की गतिविधियां एक बार फिर चर्चा में आ गई हैं।
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार देर रात सुशांत लोक के ए-ब्लॉक में हुई इस मुठभेड़ के दौरान 60 से अधिक गोलियां चलीं। इसमें नांदल गिरोह के चार कथित शूटर मारे गए, एक घायल हो गया। गोलीबारी में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।
अधिकारियों ने बताया कि दीपक नांदल गिरोह के पांच सदस्यों ने एसजीटी विश्वविद्यालय के संस्थापक के पुत्र और संपत्ति कारोबारी विशाल बेरी को उनके आवास पर कथित तौर पर बंधक बना लिया था।
पुलिस के अनुसार, जब आरोपियों से आत्मसमर्पण करने को कहा गया तो उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद हुई मुठभेड़ में चार शूटर मारे गए, एक घायल हो गया और विशाल बेरी को सुरक्षित बचा लिया गया।
हरियाणवी संगीत जगत में कभी निर्माता और रैपर के रूप में पहचान रखने वाले नांदल का नाम दिल्ली और हरियाणा में रंगदारी, हत्या, अपहरण और फिरौती मांगने जैसी कई आपराधिक घटनाओं से जुड़ चुका है।
पुलिस के अनुसार, वांछित अपराधी नांदल विदेश से अंतरराष्ट्रीय रंगदारी गिरोह संचालित करता है और सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं की भर्ती करता है। हालांकि, पुलिस ने यह नहीं बताया कि वह किस देश में है, लेकिन ऐसा माना जाता है कि उसकी गतिविधियां संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), ब्रिटेन और कनाडा से संचालित होती हैं।
अपराध की दुनिया में आने से पहले नांदल ने हरियाणवी गायक राहुल फाजिलपुरिया और रैपर बादशाह के साथ कई लोकप्रिय गीतों में काम किया था। इनमें बादशाह और फाजिलपुरिया का गीत 'हरियाणा रोडवेज' तथा 'कर गई चुल' शामिल है, जिसके रीमेक संस्करण का इस्तेमाल वर्ष 2016 में आई फिल्म 'कपूर एंड संस' में किया गया था।
फाजिलपुरिया पर कई बार हमले हो चुके हैं। जुलाई 2025 में गुरुग्राम के सेक्टर-71 स्थित सदर्न पेरिफेरल रोड पर उनकी कार पर हमलावरों ने गोलीबारी की थी, हालांकि वह इस हमले में सुरक्षित बच निकले थे।
इस हमले के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुआ था, जिसमें गैंगस्टर सुनील सरधानिया, दीपक नांदल और इंद्रजीत यादव ने गोलीबारी की जिम्मेदारी ली थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि गायक ने नांदल से पांच करोड़ रुपये लिए थे, जिन्हें उसने वापस नहीं किया।
अगस्त 2025 में गुरुग्राम में फाजिलपुरिया के सहयोगी रोहित शौकीन की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसकी जिम्मेदारी भी नांदल ने ली थी।
पुलिस के अनुसार, इस वर्ष मई में नांदल गिरोह के शूटरों ने गुरुग्राम के कन्हई गांव में फाजिलपुरिया के इवेंट मैनेजर सौरभ यादव के घर पर भी गोलीबारी की थी।
अधिकारियों के मुताबिक, अपराध जगत में नांदल का उदय काफी तेजी से हुआ। शुरुआत में वह स्थानीय विवादों और अवैध हथियारों की तस्करी के लिए बदनाम हुआ, लेकिन जल्द ही उसने रंगदारी वसूली और सुपारी लेकर हत्या जैसे अपराधों का रास्ता अपना लिया। इसके बाद उसका नाम रोहतक और सोनीपत पुलिस की वांछित अपराधियों की सूची में शामिल हो गया।
हरियाणा पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के शिकंजे से बचने के लिए नांदल ने 2023 में देश छोड़ने की योजना बनाई और विदेश भागने में सफल रहा।
तब से वह विदेश में रहकर अपना रंगदारी नेटवर्क संचालित कर रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण के लिए उसके खिलाफ 'रेड कॉर्नर' नोटिस जारी कराने की कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार, नांदल फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया मंचों पर सक्रिय है जिनके जरिए वह युवाओं से संपर्क कर उन्हें अपने गिरोह में शामिल करता है।
वह अपनी आपराधिक गतिविधियों के संचालन के लिए व्हाट्सऐप और सिग्नल जैसे मैसेजिंग मंचों का भी इस्तेमाल करता है तथा अपने गिरोह द्वारा अंजाम दी गई गोलीबारी की घटनाओं की जिम्मेदारी सोशल मीडिया पर तुरंत लेता है।
हाल के समय में दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के कई प्रमुख बिल्डर, कारोबारी, फैशन डिजाइनर तथा गायक उसके निशाने पर रहे हैं।
भाषा रवि कांत नेत्रपाल
नेत्रपाल
1107 1556 गुरुग्राम