एमसीडी अधिकारी बन पुराने दो पहिया वाहन चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार
अविनाश
- 10 Jul 2026, 10:19 PM
- Updated: 10:19 PM
नयी दिल्ली, 10 जुलाई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जिसने कथित रूप से एमसीडी अधिकारी बनकर और फर्जी आदेशों का इस्तेमाल कर दिल्ली के विभिन्न हिस्सों से पुराने दोपहिया वाहन चोरी किए। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तिहाड़ गांव निवासी अदनान सैफी (24) अधिकृत ''एंड-ऑफ-लाइफ व्हीकल'' (ईएलवी) हैंडलिंग एजेंसी का पूर्व कर्मचारी है और इसने वाहन हटाने के फर्जी आदेश का इस्तेमाल कर कथित रूप से गाड़ियों को चुराया।
उनके मुताबिक, इस मामले में दिल्ली के मायापुरी में कबाड़ का काम करने वाले अलीगढ़ के अकरम (43) को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने कहा कि गिरफ्तारियों से वाहन चोरी के तीन मामले सुलझ गए, जिनमें से दो पहाड़गंज थाने में और एक प्रेम नगर थाने में दर्ज है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "मामला तब सामने आया जब 15 साल पुराने स्कूटर के मालिक ने 20 जून को शिकायत दी कि उसका वाहन पहाड़गंज के संगतराशन चौकी क्षेत्र से गायब हो गया है। एमसीडी के करोल बाग जोन द्वारा कबाड़ियों के पक्ष में जारी एक आदेश मौके पर चिपका मिला।"
अधिकारी ने कहा कि एमसीडी द्वारा सत्यापन से पता चला कि इस तरह का कोई भी आदेश जारी नहीं किया गया था।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में दो लोग स्कूटर हटाते दिखे। उनमें से एक दूसरे स्कूटर पर सवार था। बाद में पता चला कि यह वाहन प्रेम नगर इलाके से चोरी हुआ था।
एमसीडी के रोहिणी जोन और अधिकृत ईएलवी एजेंसी के अधिकारियों के साथ आगे के सत्यापन से पुष्टि हुई कि किसी भी वाहन को कानूनी रूप से नहीं हटाया गया था।
अधिकृत एजेंसी के एक प्रतिनिधि ने फुटेज में देखे गए संदिग्धों में से एक की पहचान अदनान के रूप में की, जो पहले एजेंसी के साथ दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी के रूप में काम करता था।
अधिकारी ने कहा, "गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस ने तीन जुलाई को रोहिणी से अदनान को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से चोरी की स्कूटर बरामद की। पूछताछ के दौरान, उसने खुलासा किया कि एजेंसी छोड़ने के बाद, उसने एमसीडी अधिकारी बनकर और पुराने वाहन हटाने के फर्जी आदेशों के जरिए दिल्ली के विभिन्न हिस्सों से पुरानी गाड़ियों को चोरी किया।"
पुलिस के मुताबिक, उसने शहर भर में 14 और गाड़ियों की चोरी में अपनी संलिप्तता का भी खुलासा किया।
भाषा नोमान नोमान अविनाश
अविनाश
1007 2219 दिल्ली