कश्मीरः आपत्तिजनक सामग्री की पहचान के लिए सभी स्कूलों को पुस्तकों की जांच के आदेश
पवनेश
- 09 Jul 2026, 06:39 PM
- Updated: 06:39 PM
श्रीनगर, नौ जुलाई (भाषा) अधिकारियों ने कश्मीर के स्कूलों और कोचिंग संस्थानों की सभी किताबों की गहन जांच के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी प्रकाशन में अनुचित या आपत्तिजनक सामग्री न हो।
जम्मू-कश्मीर के शैक्षणिक संस्थानों में राष्ट्र-विरोधी और अलगाववादी सामग्री वाली कुछ किताबें और साहित्य उपलब्ध कराए जाने के बाद यह कदम उठाया गया है।
कश्मीर स्कूल शिक्षा निदेशालय (डीएसईके) ने एक परिपत्र में कहा, "डीएसईके के तहत संचालित सरकारी स्कूलों, मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों और कोचिंग संस्थानों के सभी प्रमुखों को निर्देश दिया जाता है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में उपलब्ध सभी किताबों (हाल में खरीदी गई या पुरानी प्रकाशित किताबों) की व्यापक जांच करें। इनमें कार्यालयों, कक्षाओं, स्टाफ रूम और स्कूल पुस्तकालयों में रखी किताबें भी शामिल हैं।"
परिपत्र में कहा गया है कि इस जांच का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी पुस्तक में अनुचित या आपत्तिजनक सामग्री न हो।
परिपत्र में कहा गया है, "इसमें ऐसी सामग्री भी शामिल है जो किसी समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत कर सकती हो, विद्यार्थियों के लिए अनुपयुक्त हो या प्रचलित कानूनों का उल्लंघन करती हो तथा जिससे राष्ट्रीय हित, शैक्षणिक मूल्यों और स्थापित मानकों को नुकसान पहुंचने की आशंका हो। इसके अलावा, सभी अध्ययन सामग्री राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के आयु-उपयुक्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप होनी चाहिए।"
डीएसईके ने कहा कि यदि किसी पुस्तक में आपत्तिजनक सामग्री पाई जाती है, तो संबंधित संस्थान प्रमुख को विस्तृत रिपोर्ट तैयार करनी होगी। इसमें पुस्तक का शीर्षक, प्रकाशन वर्ष, लेखक और प्रकाशक का नाम तथा ऐसी पुस्तकों की संख्या का उल्लेख करना होगा।
परिपत्र में कहा गया है कि संस्थानों के प्रमुख (एचओआई) आपत्तिजनक सामग्री की पहचान और उसके संक्षिप्त विवरण वाली रिपोर्ट परिपत्र जारी होने के सात दिनों के भीतर संबंधित मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) या क्षेत्रीय शिक्षा अधिकारी (जेडईओ) को जमा करेंगे।
जेडईओ अपने अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले स्कूलों और कोचिंग केंद्रों से प्राप्त ऐसी सभी रिपोर्टों की जांच कर उन्हें एकत्रित करेंगे और 15 जुलाई तक एक समेकित रिपोर्ट सीईओ को सौंपेंगे।
इसके बाद कश्मीर संभाग के सीईओ 17 जुलाई तक रिपोर्ट स्कूल शिक्षा निदेशालय, कश्मीर को सौंपेंगे।
भाषा तान्या पवनेश
पवनेश
0907 1839 श्रीनगर