नेताओं ने बारुईपुर पीड़िता के परिवार से मुलाकात की, न्याय की लड़ाई में समर्थन का भरोसा दिलाया
दिलीप
- 07 Jul 2026, 03:07 PM
- Updated: 03:07 PM
(फोटो के साथ)
बारुईपुर (पश्चिम बंगाल), सात जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म के बाद मार डालीगई 11 वर्षीय एक लड़की के परिवार से अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं ने मुलाकात की और उन्हें न्याय की लड़ाई में समर्थन का भरोसा दिलाया।
राज्य की शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल और पूर्व सांसद लॉकेट चटर्जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक प्रतिनिधिमंडल ने लड़की के परिवार से मुलाकात की।
पॉल ने दावा किया, ''परिवार ने उन्हें बताया कि वे सरकार की भूमिका को लेकर संतुष्ट हैं और उन्हें मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी में भरोसा है।''
उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए और अगर पुलिस या प्रशासन की ओर से लापरवाही पाई गई, तो उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।
हाल में तृणमूल कांग्रेस से 'नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया' (एनसीपीआई) में शामिल हुईं सांसद काकोली घोष दस्तीदार और सायोनी घोष ने भी पीड़िता के माता-पिता से मुलाकात की।
घोष और दस्तीदार ने कहा, ''हम इस घिनौने अपराध के लिए जिम्मेदार लोगों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग करते हैं। प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठा रहा है कि न्याय मिले।''
उन्होंने कहा, ''यह बेहद दुखद घटना है। ऐसा लग रहा है, जैसे यह मेरी अपनी बेटी के साथ हुआ हो। हमने परिवार को भरोसा दिलाया है कि हम हर तरह से उनके साथ खड़े रहेंगे।''
पुलिस ने शुरू में एनसीपीआई के प्रतिनिधिमंडल को उस इलाके में जाने से रोका, लेकिन बाद में उन्हें आगे जाने दिया गया। स्थानीय सांसद सायोनी घोष को भी विरोध का सामना करना पड़ा।
यादवपुर की सांसद सायोनी घोष ने कहा कि ऐसी घटना के बाद सरकार की प्रतिक्रिया महत्वपूर्ण होती है।
उन्होंने कहा, ''हर कोई चाहता है कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले। घटना के बाद यह देखना जरूरी है कि सरकार क्या कार्रवाई करती है और कितनी जल्दी न्याय सुनिश्चित किया जाता है।''
विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी ने भी बागी तृणमूल कांग्रेस नेताओं चंद्रिमा भट्टाचार्य और सेउली साहा के साथ पीड़ित परिवार से मुलाकात की।
भट्टाचार्य ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, ''हम इस अपराध के दोषियों के लिए मौत की सजा चाहते हैं। हमने परिवार के सदस्यों से बात की है और उन्हें भरोसा दिलाया है कि न्याय मिलने तक हम उनके साथ हैं।''
सोमवार को ममता बनर्जी गुट के तृणमूल कांग्रेस नेताओं ने पीड़िता के परिवार से मुलाकात की। इनमें बिमान बनर्जी, डोला सेन और प्रतिमा मंडल शामिल थे।
लड़की चार जुलाई को लापता हो गई थी, जिसका शव रविवार को सुर्ज्यपुर हाट इलाके में एक बोरी में भरा हुआ मिला था। शव मिलने के कुछ ही घंटों बाद गुस्साई भीड़ ने लड़की की मौत में शामिल होने के संदेह में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
भाषा सुरभि दिलीप
दिलीप
0707 1507 बारुईपुर