महिला पर ईंट से हमला करने के आरोप में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी का बेटा गिरफ्तार
सं,जफर रवि कांत
- 07 Jul 2026, 01:03 AM
- Updated: 01:03 AM
कानपुर, छह जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के बिठूर क्षेत्र में विवाह का प्रस्ताव ठुकराने पर एक विधवा महिला पर कथित तौर पर ईंट से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के आरोप में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी के बेटे को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि पीड़िता भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी)-कानपुर में कर्मचारी है। उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं तथा उसका इलाज लाला लाजपत राय अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, हमले के लगभग 24 घंटे बाद महिला को होश आया।
पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार की है। आरोपी देवाशीष निगम(38) कथित तौर पर महिला को आईआईटी-कानपुर परिसर के पास से अपनी कार में बैठाकर बिठूर के ब्रह्म घाट की ओर ले गया। रास्ते में उसने महिला पर विवाह के लिए दबाव बनाया। महिला के इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया।
प्राथमिकी और प्रारंभिक जांच के अनुसार, निगम ने रेलवे सर्विस लेन के पास स्थित मॉडल डेरी के निकट कार रोक दी और वाहन के भीतर ही कथित तौर पर महिला पर ईंट से हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार, जब महिला ने कार का दरवाजा बंद कर खुद को बचाने का प्रयास किया तो आरोपी ने कथित तौर पर कार का शीशा तोड़ दिया, उसे सड़क पर घसीटा और उसके सिर तथा शरीर पर कई बार वार किया।
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी की कथित तौर पर पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
पीड़िता की बहन ने आरोप लगाया कि देवाशीष निगम लंबे समय से उसकी बहन पर विवाह के लिए दबाव बना रहा था और पहले भी उसे धमकी दे चुका था।
उन्होंने आरोप लगाया, ''वह कहा करता था कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता, क्योंकि उसकी मां सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी हैं।''
पुलिस ने आरोपी की पहचान स्वरूप नगर स्थित राज टावर निवासी देवाशीष निगम के रूप में की है।
अधिकारियों ने बताया कि उसकी मां चंद्रा निगम भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की सेवानिवृत्त अधिकारी हैं।
पुलिस के अनुसार, देवाशीष निगम का विवाह वर्ष 2014 में हुआ था और उसकी एक बेटी है, लेकिन वह पिछले छह महीने से अपनी पत्नी से अलग रह रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता विधवा है और उसकी एक किशोर बेटी है।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) एस.एम. कासिम आबिदी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और गंभीर चोट पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा, ''आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।''
भाषा
सं,जफर रवि कांत
0707 0103 कानपुर