रेवंत रेड्डी ने 2029 में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने की वकालत की
सुभाष
- 04 Jul 2026, 11:09 PM
- Updated: 11:09 PM
हैदराबाद, चार जुलाई (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने 2029 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने की शनिवार को जोरदार वकालत की। साथ ही, उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) के परिवार द्वारा कथित रूप से अर्जित अकूत संपत्ति पर भी सवाल उठाए।
महबूबनगर जिले के मिडजिल में, अपने सार्वजनिक जीवन के 20 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए रेड्डी ने कहा कि राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना देश की एक ''ऐतिहासिक आवश्यकता'' है।
रेड्डी चार जुलाई 2006 को मिडजिल से जिला परिषद क्षेत्रीय निर्वाचन क्षेत्र (जेडपीटीसी) सदस्य निर्वाचित हुए थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने तेलंगाना को राज्य का दर्जा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, इसलिए जनता को राष्ट्रीय स्तर पर राहुल गांधी के नेतृत्व का समर्थन कर अपना आभार व्यक्त करना चाहिए।
उन्होंने कहा, ''राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने की पहली शुरुआत मिडजिल से होनी चाहिए।''
मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के परिवार के बलिदानों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी दादी इंदिरा गांधी और पिता राजीव गांधी ने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दी।
भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और केसीआर पर तीखा हमला बोलते हुए रेड्डी ने कहा कि केसीआर अपने चुनावी वादे, जैसे डबल बेडरूम मकान, रोजगार और दलितों को तीन एकड़ जमीन देने में पूरी तरह ''विफल'' रहे।
बीआरएस नेता के.टी. रामाराव (केटीआर) और अन्य नेताओं द्वारा केसीआर को फिर से मुख्यमंत्री बनाने की मांग का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि केसीआर के परिवार के सदस्य ऐसा इसलिए चाहते हैं कि उन्होंने अपने बेटे केटीआर, बेटी कविता, भतीजों और अन्य रिश्तेदारों को विभिन्न पद दिए थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि केसीआर का परिवार और बीआरएस नेता इसलिए चाहते हैं कि चंद्रशेखर राव दोबारा मुख्यमंत्री बनें क्योंकि कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद उनकी ''कमाई और लूट बंद हो गई है।''
रेड्डी ने कहा, ''आपने (केसीआर) एर्रावेली में 1,000 एकड़ का फार्महाउस कैसे बनाया? क्या यह आपको अपने पूर्वजों से विरासत में मिला था या फिर चार करोड़ तेलंगाना वासियों की लूट का परिणाम है? आपके बेटे के पास 100 एकड़ का फार्महाउस है। आपके भतीजे हरीश राव के पास 50 एकड़ का फार्महाउस है। आपकी बेटी कविता के पास 25 एकड़ का फार्महाउस है। आपके दूसरे भतीजे संतोष राव की संपत्ति का तो हिसाब लगाना भी मुश्किल है। आखिर ये सारी संपत्तियां कैसे हासिल हुईं?''
उन्होंने आरोप लगाया कि केसीआर ने तेलंगाना पर 8.21 लाख करोड़ रुपये के कर्ज का बोझ डाल दिया, जबकि उन्हें यह भी बताना चाहिए कि उनके परिवार के पास एक लाख करोड़ रुपये की संपत्ति कैसे हो गई।
पूर्व बीआरएस सरकार पर लगे फोन टैपिंग के आरोपों का जिक्र करते हुए रेड्डी ने तंज कसते हुए कहा कि क्या केसीआर को केवल फोन टैपिंग कराने के लिए फिर से मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए?
मिडजिल के लोगों द्वारा 20 वर्ष पहले उन्हें जेडपीटीसी सदस्य चुनने के लिए आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके लिए यदि वह अपना जीवन भी बलिदान कर दें तो भी वह कम होगा।
उन्होंने मिडजिल में 47.087 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया।
भाषा
गोला सुभाष
सुभाष
0407 2309 हैदराबाद