हिमाचल प्रदेश में बारिश से तीन लोगों की मौत, 49 सड़कें अवरुद्ध
सुरेश
- 03 Jul 2026, 09:50 PM
- Updated: 09:50 PM
शिमला, तीन जुलाई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में शुक्रवार शाम तक पिछले 24 घंटों के दौरान मध्यम बारिश हुई, जिससे जुड़ी घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई और 49 सड़कें अवरुद्ध हो गईं।
अधिकारियों ने बताया कि मौजूदा मानसून ऋतु में अबतक राज्य को 15.27 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार शाम से बारिश से जुड़ी घटनाओं में तीन लोगों की मौत हुई है तथा इसके साथ ही इस मानसून में मृतकों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है।
अधिकारियों के अनुसार, कांगड़ा और शिमला जिलों में एक-एक व्यक्ति की करंट लगने से मौत हुई, जबकि मंडी जिले में एक अन्य व्यक्ति की ऊंचाई से गिरने के कारण जान चली गई।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, कुल्लू में 30, चंबा में 10, सिरमौर में तीन तथा लाहौल-स्पीति, मंडी और ऊना जिलों में दो-दो सड़कें बंद हैं।
इसके अलावा, तीन विद्युत ट्रांसफार्मर और 23 पेयजल आपूर्ति योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं।
इस बीच, किन्नौर के उपायुक्त अमित शर्मा ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि जिले के चोलिंग के पास भारी बारिश के कारण शुक्रवार तड़के जमा हुए मलबे के कारण बंद हो चुके हिंदुस्तान-तिब्बत मार्ग (राष्ट्रीय राजमार्ग-5) को सभी प्रकार के वाहनों के लिए फिर से खोल दिया गया है।
उन्होंने बताया कि सुबह करीब छह बजे मेरुत नाला के पास पहाड़ियों से भारी मात्रा में मलबा नीचे आ गया, जिससे दो वाहन उसमें फंस गए। रिब्बा नाले में आई बाढ़ के कारण रिब्बा-कांडा संपर्क मार्ग भी अवरुद्ध हो गया। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
शर्मा ने बताया कि चोलिंग में तत्काल एक जेसीबी मशीन लगाकर यातायात बहाल करने का काम शुरू किया गया और सुबह करीब 10 बजे राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही फिर से शुरू कर दी गई।
उधर, चंबा जिले के भरमौर उपमंडल में एक मंदिर के पास बुधवार से फंसे करीब 24 श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाल लिया गया है। भारी बारिश के कारण आई अचानक बाढ़ में लकड़ी का एक अस्थायी पुल बह जाने से मंदिर का संपर्क कट गया था।
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), स्थानीय प्रशासन, पर्वतारोहण संस्थान और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार को अभियान चलाकर श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला।
बचाए गए श्रद्धालुओं ने चंबा जिला प्रशासन से मंदिर तक आने-जाने के लिए समुचित मार्ग विकसित करने की मांग की।
हिमाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बृहस्पतिवार शाम से मध्यम बारिश हुई।
शिमला के बाहरी क्षेत्र जुब्बड़हट्टी में सबसे अधिक 43.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके बाद बलद्वारा में 32 मिमी, सराहन में 27 मिमी, बिलासपुर में 25.8 मिमी, शिमला में 19.5 मिमी, बरठीं में 18.6 मिमी, स्लैपर में 18 मिमी और मुरारी देवी में 16 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
भाषा राखी सुरेश
सुरेश
0307 2150 शिमला