दिल्ली की मुख्यमंत्री ने 'डे केयर' ब्लॉक, फिजियोथेरेपी सेंटर का उद्घाटन किया
माधव
- 03 Jul 2026, 09:26 PM
- Updated: 09:26 PM
नयी दिल्ली, तीन जुलाई (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को एमसीडी के लाजपत नगर कॉलोनी अस्पताल में नए बने फ्रंट ब्लॉक और फिजियोथेरेपी सेंटर का उद्घाटन करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार निगम के पुराने हो रहे अस्पतालों को आधुनिक बनाने के लिए आर्थिक मदद देगी और राजधानी में स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल बनाएगी।
बयान के अनुसार, लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से तैयार की गई इस उन्नत सुविधा में छह-बिस्तर वाला 'डे-केयर' सेंटर, 12 कंसल्टिंग कक्ष, एक सम्मेलन कक्ष और कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के सहयोग से बनाया गया फिजियोथेरेपी सेंटर शामिल है।
लोगों को संबोधित करते हुए गुप्ता ने कहा कि स्वास्थ्य देखभाल अवसंरचना को मजबूत करना दिल्ली सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने घोषणा की कि सभी सरकारी अस्पतालों को एक समान डिजिटल स्वास्थ्य मंच के जरिए जोड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा, "हम एक ऐसे व्यवस्था पर काम कर रहे हैं जिसमें मरीज़ दिखाने के लिए डिजिटल माध्यम से पहले से ही वक्त ले सकें, अपनी दवा की पर्चियां डिजिटल रूप से देख सकें और सरकारी अस्पताल एक ही मंच से जुड़े हों। एक लाइव पोर्टल भी बनाया जा रहा है, जिसके ज़रिए लोग सरकारी और निजी अस्पतालों में आईसीयू बिस्तरों की उपलब्धता देख सकेंगे।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के पुराने अस्पतालों को उन्नयन करने के लिए आर्थिक मदद देगी।
गुप्ता ने कहा, "दिल्ली सरकार और एमसीडी मिलकर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए काम कर रहे हैं। हम एमसीडी के पुराने अस्पतालों के आधुनिकीकरण के लिए हर संभव आर्थिक मदद देंगे।"
उन्होंने भ्रष्टाचार के प्रति सरकार की कतई बर्दाश्त नहीं करने नीति को दोहराते हुए कहा कि किसी भी विभाग में गड़बड़ी पाए जाने पर सख़्त कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने 1950 के दशक में इस अस्पताल का निर्माण कराया था। इसके पुराने फ्रंट ब्लॉक में दरारें आ गई थीं और पानी का रिसाव होता था जिसके बाद हाल में इसका पुनर्विकास किया गया।
उन्होंने बताया कि इस सुविधा में रोज़ाना ओपीडी के लिए लगभग 600-700 मरीज़ आते हैं और यह दक्षिण और मध्य दिल्ली के निवासियों की ज़रूरतों को पूरा करती है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में बुनियादी ढांचे के विस्तार से मरीजों को सामान्य इलाज के लिए बड़े अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव
0307 2126 दिल्ली