अन्नपूर्णा भंडार योजना से 50 प्रतिशत लाभार्थियों के नाम हटाए गए: तृणमूल कांग्रेस
नरेश
- 01 Jul 2026, 09:46 PM
- Updated: 09:46 PM
नयी दिल्ली, एक जुलाई (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के पूर्व राज्यसभा सदस्य साकेत गोखले ने बुधवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में हाल में शुरू की गई 'अन्नपूर्णा भंडार' योजना के तहत 50 प्रतिशत लाभार्थियों के नाम हटा दिए गए हैं और इसे राज्य में हाल ही में बनी भाजपा सरकार का ''पहला घोटाला'' करार दिया।
गोखले ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में दावा किया कि पश्चिम बंगाल में 2026 विधानसभा चुनाव में महिला मतदाताओं की कुल संख्या 3.1 करोड़ थी जबकि पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार की 'लक्ष्मी भंडार' योजना के तहत 2.4 करोड़ लाभार्थी थे।
उन्होंने कहा कि 'अन्नपूर्णा भंडार' योजना के लिए लगभग 1.6 करोड़ आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 26 लाख आवेदन खारिज कर दिए गए, जिससे करीब 1.3 करोड़ लाभार्थी बचे।
गोखले ने सवाल किया, ''तृणमूल के 2.4 करोड़ महिला लाभार्थियों से हम भाजपा के तहत केवल 1.3 करोड़ पर कैसे आ गए?''
उन्होंने कहा, ''पश्चिम बंगाल में लगभग 50 प्रतिशत महिला लाभार्थियों के नाम हटा दिए गए। यानी 1.1 करोड़ महिलाएं।''
गोखले ने आरोप लगाया कि लाभार्थियों की संख्या में यह कमी महिलाओं को लाभ से वंचित करने के बराबर है और कहा कि भाजपा सरकार उन महिलाओं को ''सजा'' दे रही है जिन्होंने ममता बनर्जी को वोट दिया था।
तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव डेरेक ओ'ब्रायन ने गोखले की पोस्ट का हवाला देते हुए कहा कि उनकी पार्टी लोगों के जीवन से जुड़े मुद्दे उठाती रहेगी। उन्होंने कहा, ''हम वही करते रहेंगे जो हमारी नेता ममता बनर्जी सबसे बेहतर करती हैं—लोगों के जीवन से जुड़े मुद्दे उठाना। यही तृणमूल की पहचान है।''
इस बीच, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को कहा कि अन्नपूर्णा योजना के तहत महिला लाभार्थियों को सीधे नकद हस्तांतरण की पहली किस्त लगभग 1.1 करोड़ खातों में जमा कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि योजना के लिए लगभग 1.6 करोड़ आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 26 लाख आवेदन विभिन्न कारणों से खारिज किए गए, जिनमें मृत्यु, नागरिकता और निवास संबंधी संदेह, मतदाता सूची से नाम हटना और एक से अधिक खातों का होना शामिल है।
अधिकारी ने कहा कि स्वीकृत लाभार्थियों की संख्या लगभग 1.3 करोड़ है और जिनके खाते में अभी राशि नहीं पहुंची है, उन्हें दिन के अंत तक भुगतान कर दिया जाएगा।
भाषा अमित नरेश
नरेश
0107 2146 दिल्ली