राजस्थान: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बस और ट्रक की टक्कर में आठ लोगों की मौत, कई अन्य घायल
जोहेब
- 01 Jul 2026, 05:31 PM
- Updated: 05:31 PM
जयपुर, एक जुलाई (भाषा) राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के हुई सड़क दुर्घटना में आठ लोगों की मौत हो गई जबकि 24 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, हादसा कोलवा थाना क्षेत्र में धनावड़ा के पास हुआ।
दौसा के पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि हादसे में छह लोग जिंदा जल गए, जबकि दो की मौत सिर में गंभीर चोट लगने के कारण हुई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिंदा जले छह लोगों की डीएनए जांच के बाद ही परिजनों को शव सौंपे जाएंगे।
पुलिस अधीक्षक ने कहा, ''उत्तराखंड के ऋषिकेश से इंदौर जा रही हंस ट्रेवल्स की बस दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर आगे चल रहे एक ट्रक से टकरा गई।'' टक्कर के बाद बस और ट्रक दोनों में आग लग गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
उन्होंने बताया कि घायलों को सुरक्षित निकालकर उपचार के लिए दौसा जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचीं तथा राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और आग पर काबू पा लिया गया।
कोलवा थाना प्रभारी मनोहर लाल ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि मृतकों की पहचान इंदौर निवासी भूमि (20) और निर्मला गुप्ता (61), खरगौन निवासी प्रियंका पांडेय (35), दीपक सिंह (29), सिहोर निवासी दीपू सिंह (60) तथा झाबुआ निवासी धरम सिंह (31) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि हादसे में बस चालक रामअवतार (28) और परिचालक कुलदीप (31) की भी मौत हो गई।
दौसा अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ.आर.के. मीणा ने बताया कि घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है।
उन्होंने कहा, आठ लोगों की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो गई थी। अस्पताल में 14 घायलों को भर्ती किया गया था, जिसमें चार को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी है जबकि दस अन्य लोग अभी अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
जिला अस्पताल, दौसा के उपनियंत्रक डॉ. चेनसिंह ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि आठ मृतकों में से छह की पहचान जलने के कारण संभव नहीं है। पहचान के लिए परिजनों के आने के बाद डीएनए जांच किये जायेंगे।
इंदौर निवासी शिखा गुप्ता ने बताया, "मैं रात करीब 12:30 बजे दिल्ली के राजीव चौक से इंदौर जाने के लिए बस में सवार हुई थी। बस करीब दो घंटे से लगातार चल रही थी कि अचानक हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद बस सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी।"
मध्य प्रदेश के सिहोर निवासी ईश्वरलाल ने कहा, "बस में सवार सभी लोग सो रहे थे। अचानक अफरा-तफरी मच गई और मैं बस के बीच वाले हिस्से में गिर गया। लोग चिल्ला रहे थे। मेरा एक भाई भी बस में था, लेकिन उसका अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है।"
अस्पताल में भर्ती इंदौर की एक महिला ने 'पीटीआई-वीडियो' से कहा, "हम जम्मू-कश्मीर स्थित वैष्णो देवी मंदिर के दर्शन कर घर लौट रहे थे। तभी आगे चल रहे ट्रक से टकराने के बाद बस में आग लग गयी। हादसे में मेरी बेटी घायल हो गई, जबकि मेरे पति अब भी लापता हैं।"
एक अन्य घायल ने बताया, "मैं, मेरा बेटा और मेरी पत्नी सो रहे थे कि अचानक बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हम चालक के ठीक पीछे वाली सीट पर बैठे थे। मुझे नहीं पता कि चालक को झपकी आ गई थी या नहीं।"
उन्होंने कहा, "टक्कर के झटके से मेरी पत्नी खिड़की से बाहर जा गिरी और बस के उस हिस्से में फंस गई, जिसमें कुछ ही देर बाद आग लग गई। मेरी आंखों के सामने वह जिंदा जल गई।"
घटनास्थल पर पहुंचे दौसा के सांसद मुरारी लाल मीणा ने कहा, "मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। प्रभावित परिवारों की हर संभव सहायता के लिए पूरा प्रशासन जुटा हुआ है।''
महवा विधायक राजेन्द्र मीणा ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा सभी को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिये ।
जिला कलक्टर सौम्या झा ने हादसे की जांच के लिए आठ सदस्यीय टीम बनाई है। टीम को जल्द से जल्द जांच कर रिपोर्ट सौंपने के आदेश दिए गए हैं।
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने भीषण सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
उन्होंने ईश्वर से मृतकों की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है। उन्होंने हादसे में घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
भाषा बाकोलिया जोहेब
जोहेब
0107 1731 जयपुर