केतन अग्रवाल हत्याकांड: मंगेतर सिया का किसी और के साथ प्रेम संबंध होने को लेकर संदेह था पीड़ित को
माधव
- 30 Jun 2026, 06:32 PM
- Updated: 06:32 PM
पुणे, 30 जून (भाषा) केतन अग्रवाल की हत्या के मामले की जांच में जुटी पुलिस को पता चला है कि पीड़ित ने अपने परिवार के समक्ष संदेह व्यक्त किया था कि उसकी मंगेतर का किसी और के साथ प्रेम संबंध है। उसने परिवार वालों से यह भी पूछा था कि क्या शादी तय करने से पहले लड़की की पृष्ठिभूमि की ठीक से जांच की गई थी।
पुणे के रहने वाले रियल एस्टेट कारोबारी केतन को कथित तौर पर 18 जून को जिले के लोहागढ़ किले की एक चट्टान से धक्का देकर मार डाला गया था। आरोप है कि उसकी मंगेतर सिया गोयल (20) और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी (22) ने केतन को धक्का दे दिया था।
केतन और सिया की शादी इसी साल नवंबर में होने वाली थी। केतन की कथित हत्या के बाद दोनों आरोपियों (सिया और चेतन) को गिरफ्तार कर लिया गया और उन्हें अदालत ने तीन जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने अपनी शिकायत में कहा है कि उनके बेटे ने कई बार सिया और सह-आरोपी चेतन चौधरी के बीच नजदीकियों को लेकर चिंता जताई थी। केतन का कहना था कि सिया बातचीत के दौरान अक्सर चेतन का जिक्र करती थी।
पुलिस के मुताबिक, सिया गोयल ने इससे पहले बाली (इंडोनेशिया में एक जगह) में शादी से पहले के एक पूर्व नियोजित कार्यक्रम को भी रद्द कर दिया था।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, '' बाली यात्रा छह जून को रद्द होने के बाद केतन ने अपने पिता से बात की और शिकायत की कि सिया छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करती है। उसके पिता ने उसे समझाया कि सिया अभी कम उम्र की है, इसलिए शायद वह ऐसा व्यवहार कर रही होगी, और भरोसा दिलाया कि वे उसे समझाएंगे।''
सिया और केतन लोहागढ़ किले में 14 जून को उसी जगह गए थे, जहां चार दिन बाद उसे कथित तौर पर धक्का देकर मार दिया गया। उस दिन (14 जून) भी, उसने कथित तौर पर केतन को चट्टान से नीचे धकेलने की कोशिश की थी, लेकिन वह एक झाड़ी के पकड़ में आ जाने से बच गया।
पुलिस ने पहले बताया था कि जब केतन ने पूछा कि उसे धक्का क्यों दिया गया, तो सिया ने सांप होने का झूठा शोर मचाकर ऐसा दिखाने की कोशिश की कि उसने ही केतन को बचाया है।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ''14 जून को लोहागढ़ किले से लौटने के बाद, केतन ने एक बार फिर अपने पिता से पूछा कि क्या शादी तय करने से पहले उन्होंने सिया के बारे में ठीक से जांच-पड़ताल की थी। केतन ने अपने पिता को बताया कि जब भी वह उसे फोन करता था, उसका फोन अक्सर व्यस्त रहता था और बातचीत के दौरान वह अक्सर चौधरी का जिक्र करती थी।''
केतन को शक था कि सिया का किसी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। हालांकि, केतन के परिवार ने उसे भरोसा दिलाया कि चिंता की कोई बात नहीं है क्योंकि सिया का परिवार उनसे जुड़ा हुआ था।
भाषा संतोष माधव
माधव
3006 1832 पुणे