तेलंगाना को भ्रष्ट एवं पारिवारिक दलों से मुक्त कराया जाना चाहिए: नितिन नवीन
नेत्रपाल
- 29 Jun 2026, 01:12 AM
- Updated: 01:12 AM
हैदराबाद, 28 जून (भाषा) तेलंगाना में सत्ताधारी कांग्रेस और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) पर तीखा हमला करते हुए भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को कहा कि राज्य को ''भ्रष्ट और परिवार-आधारित दलों से मुक्त'' कराया जाना चाहिए।
उन्होंने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से 'डबल इंजन सरकार' बनाने के लिए प्रयास करने का आह्वान किया।
तेलंगाना की तीन दिवसीय यात्रा पर पहुंचे नवीन ने हैदराबाद से डिजिटल माध्यम से राज्य में भाजपा की नौ जिला इकाइयों के कार्यालयों का उद्घाटन किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य गठन के 12 साल बाद भी तेलंगाना आंदोलन का लक्ष्य प्राप्त नहीं हो सका है।
उन्होंने कहा, ''हमारे कार्यकर्ताओं ने तेलंगाना के गठन के लिए लड़ाई लड़ी। तेलंगाना के लोगों ने भी इसके लिए संघर्ष किया। लेकिन तेलंगाना का सपना अभी भी अधूरा है, क्योंकि भ्रष्ट और परिवार-आधारित पार्टियों ने तेलंगाना को अपनी जकड़ में ले रखा है। तेलंगाना को इन भ्रष्ट और परिवार-आधारित दलों से मुक्त कराकर विकास के रास्ते पर आगे ले जाना चाहिए।''
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और बीआरएस ने एआईएमआईएम के साथ समझौता कर लिया है, जबकि भाजपा कभी ऐसा समझौता नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के साथ खड़ी है और हैदराबाद व अन्य जगहों पर होने वाले नगर निकाय चुनावों के बाद सिर्फ़ भाजपा ही लोगों की उम्मीदों को पूरा कर सकती है।
नवीन ने कहा कि अगर 'विकसित भारत' का सपना सच करना है, तो तेलंगाना में भी कमल खिलना चाहिए।
उन्होंने कहा, ''नरेन्द्र मोदी सरकार केंद्र की योजनाओं के जरिए तेलंगाना के लोगों की सेवा कर रही है। लेकिन, मुझे पता है कि जब तक 'डबल इंजन' सरकार नहीं बनती, तब तक तेलंगाना को विकास की उस राह पर नहीं लाया जा सकता, जिसके लिए राज्य का सपना देखा गया था।''
भाजपा अध्यक्ष ने याद दिलाया कि जब 1984 में लोकसभा में पार्टी की सिर्फ़ दो सीट थीं, तो उनमें से एक तेलंगाना से थी। उन्होंने इस धारणा को खारिज किया कि भाजपा इस राज्य के लिए बाहरी पार्टी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा धीरे-धीरे देश के हर राज्य में जीत रही है तथा वह दिन दूर नहीं जब पार्टी तेलंगाना में भी कामयाब होगी।
नवीन ने कहा कि भाजपा ने पिछली बीआरएस सरकार के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी, लेकिन इसका फायदा कांग्रेस को मिला।
कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए उन्होंने कहा कि यह पार्टी हमेशा लोगों के हितों से समझौता करती है।
उन्होंने कहा कि तेलंगाना में कांग्रेस को सिर्फ़ भाजपा के कार्यकर्ता ही हरा सकते हैं।
पश्चिम बंगाल में भाजपा की सफलता का उदाहरण देते हुए, नवीन ने पार्टी महासचिव सुनील बंसल से तेलंगाना में दोगुनी कोशिश करने की अपील की।
बंसल ने बंगाल में भाजपा के अभियान में अहम भूमिका निभाई थी।
नवीन ने दो जून को दिल्ली में तेलंगाना स्थापना दिवस समारोह में अपनी भागीदारी को याद करते हुए कहा कि जिस सपने के लिए राज्य का दर्जा हासिल किया गया था, वह पूरा नहीं हुआ है।
नवीन ने ''तेलंगाना के गठन में दिवंगत भाजपा नेता सुषमा स्वराज की भूमिका को भी याद किया, जिन्होंने संसद में इस मुद्दे को प्रभावी ढंग से उठाया था।''
भाषा राजकुमार नेत्रपाल
नेत्रपाल
2906 0112 हैदराबाद