लखनऊ में कोल्ड स्टोरेज में लगी आग, कोई हताहत नहीं
खारी
- 28 Jun 2026, 06:15 PM
- Updated: 06:15 PM
(तस्वीरों सहित)
लखनऊ, 28 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चिनहट क्षेत्र में रविवार सुबह एक कोल्ड स्टोरेज में भीषण आग लग गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
उसने बताया कि कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
आग लगने की सूचना दमकल विभाग को स्थानीय लोगों ने दी जिसके बाद दमकल की 12 से अधिक गाड़ियां और दो हाइड्रोलिक मशीनें मौके पर तैनात की गईं।
लखनऊ-अयोध्या मार्ग स्थित इस कोल्ड स्टोरेज में दमकलकर्मियों ने स्थानीय पुलिस की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कोल्ड स्टोरेज के टिन शेड के ऊपर से उठती आग की लपटें काफी दूर से दिखाई दे रही थीं, जबकि घने धुएं के गुबार पूरे इलाके में फैल गए थे।
चिनहट थाना प्रभारी दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है।
उन्होंने कहा, ''इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर मौजूद हैं और स्थानीय पुलिस उन्हें पूरा सहयोग दे रही है।''
पुलिस के अनुसार, हाइड्रोलिक उपकरणों की मदद से आग बुझाई गई। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि परिसर के भीतर कोई व्यक्ति फंसा न रह जाए।
मिश्रा ने बताया कि कोल्ड स्टोरेज के चारों ओर खुला स्थान होने के कारण आग आसपास की इमारतों तक नहीं फैल सकी।
उन्होंने कहा कि एहतियात के तौर पर जलते सामान से लोगों को सुरक्षित रखने के लिए कोल्ड स्टोरेज के पीछे स्थित कॉलोनी के निवासियों को अस्थायी रूप से वहां से हटा दिया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि कोल्ड स्टोरेज में कथित तौर पर मसाले और किराने का अन्य सामान रखा हुआ था। इन्हीं वस्तुओं के जलने से घना धुआं निकल रहा था, जिससे दमकलकर्मियों को इमारत के भीतर प्रवेश करने में काफी कठिनाई हुई।
उन्होंने कहा, "अभियान कई घंटों तक चला। एक समय आग दोबारा भड़क उठी थी, लेकिन बाद में उस पर भी काबू पा लिया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।"
आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। चिनहट पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
यह घटना अलीगंज क्षेत्र में एक रिहायशी इमारत में लगी आग में 15 लोगों की मौत की घटना के एक सप्ताह के भीतर हुई है।
भाषा आनन्द खारी
खारी
2806 1815 लखनऊ