प्रधानमंत्री संग्रहालय में पी.वी. नरसिंह राव पर प्रदर्शनी शुरू, पौत्र ने किया उद्घाटन
प्रशांत
- 27 Jun 2026, 08:10 PM
- Updated: 08:10 PM
नयी दिल्ली, 27 जून (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय में शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत पी.वी. नरसिंह राव के जीवन पर एक प्रदर्शनी शुरू हुई। इसमें दक्षिण भारत के एक छोटे से गांव से लेकर ऐतिहासिक आर्थिक सुधार लाने में उनकी भूमिका तक की यात्रा को दिखाया गया है।
देश के नौवें प्रधानमंत्री के जीवन से जुड़ी दुर्लभ तस्वीरों, भाषणों, पत्रों और अन्य ऐतिहासिक दस्तावेज़ों वाली इस प्रदर्शनी का उद्घाटन राव की 105वीं जयंती की पूर्व संध्या पर उनके पौत्र और भाजपा नेता एन.वी. सुभाष ने किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री संग्रहालय और पुस्तकालय (पीएमएमएल) की कार्यकारी परिषद के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र भी मौजूद थे।
इस संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि परिसर स्थित प्रसिद्ध 'तीन मूर्ति भवन' में लगी इस प्रदर्शनी में ''दुर्लभ तस्वीरों, सरकारी दस्तावेजों, भाषणों, पत्र-व्यवहार और अभिलेखों से जुड़ी सामग्री का एक बड़ा संग्रह है, जो पी.वी. नरसिंह राव की शानदार यात्रा को दिखाता है।''
पीएमएमएल ने कहा कि 'एक राजनेता की यात्रा' नामक यह प्रदर्शनी ''भारत के इतिहास के एक अहम दौर में उनके नेतृत्व और उदारीकरण, निजीकरण तथा वैश्वीकरण जैसे बड़े आर्थिक सुधारों को लागू करने में उनकी भूमिका को उजागर करती है, जिन्होंने देश की आर्थिक तस्वीर बदल दी।''
यह प्रदर्शनी एक विद्वान, स्वतंत्रता सेनानी, सुधारक और दूरदर्शी राजनेता के तौर पर राव के बहुआयामी व्यक्तित्व पर भी प्रकाश डालती है।
राव का जन्म 28 जून, 1921 को एक गांव में हुआ था जो अब तेलंगाना राज्य के अंतर्गत आता है।
अधिकारी ने बताया कि दुर्लभ प्रदर्शनी में राव के पैतृक घर की एक तस्वीर और स्कूल में छात्र के तौर पर तथा परिवार के साथ बिताए उनके जीवन की तस्वीरें भी प्रदर्शित की गई हैं।
प्रदर्शनी के दौरान मीडियाकर्मियों के साथ बातचीत में राव के पौत्र सुभाष ने कहा, ''पी.वी. नरसिंह राव जी एक महान विद्वान, राजनेता और अच्छे राजनीतिज्ञ थे, जो इस देश के प्रधानमंत्री बनने वाले पहले दक्षिण भारतीय थे।''
सुभाष ने कहा कि राव हमेशा सबसे पहले देश के बारे में सोचते थे, उसके बाद पार्टी के बारे में, फिर परिवार के बारे में और सबसे आखिर में खुद के बारे में सोचते थे।
भाषा नेत्रपाल प्रशांत
प्रशांत
2706 2010 दिल्ली