भाजपा ने कम अल्कोहल वाले पेय पदार्थों पर कर संबंधी फैसले के लिए यूडीएफ सरकार की आलोचना की
गोला
- 26 Jun 2026, 03:55 PM
- Updated: 03:55 PM
नयी दिल्ली, 26 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने केरल में कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार के कम अल्कोहल वाले पेय पदार्थों पर कर कम करने के प्रस्ताव की शुक्रवार को आलोचना की। पार्टी ने आरोप लगाया कि इस कदम का मकसद राज्य के राजस्व और युवाओं के भविष्य की कीमत पर शराब कारोबारियों को फायदा पहुंचाना है।
यह बयान केरल में 2026-27 के बजट में कम अल्कोहल वाले पेय पदार्थों पर कर कम करने के सरकार के प्रस्ताव को लेकर विवाद के बीच आया है।
बजट में 0.5 प्रतिशत से 10 प्रतिशत तक अल्कोहल मात्रा वाले पेय पदार्थों पर बिक्री कर को 251 प्रतिशत से घटाकर 120 प्रतिशत करने का प्रस्ताव रखा गया है। वहीं, 10 प्रतिशत से अधिक और 20 प्रतिशत तक अल्कोहल मात्रा वाले पेय पदार्थों पर बिक्री कर 175 प्रतिशत करने का प्रस्ताव है।
राज्य के बजट में कम अल्कोहल वाले पेय पदार्थों पर कर को 251 प्रतिशत से घटाकर 120 प्रतिशत करने की घोषणा की गई।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सदस्य सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ''सत्ता के नशे में चूर'' हो गई है और केरल सरकार ने ''बहुत शर्मनाक फैसला'' लिया है।
उन्होंने दावा किया, ''कांग्रेस नीत यूडीएफ सरकार सहयोगी पार्टी मुस्लिम लीग के साथ हाल ही में केरल में सत्ता में आई है। कांग्रेस सत्ता के नशे में इतनी चूर हो गई है कि केरल सरकार ने एक बेहद शर्मनाक फैसला लिया है। उसने कम अल्कोहल वाले मदिरा उत्पादों पर आबकारी शुल्क को 251 प्रतिशत से घटाकर 121 प्रतिशत कर दिया है, यानी इसमें आधे से भी अधिक की कटौती कर दी गई है।''
त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि इस कदम से सरकारी राजस्व में कमी आएगी, जबकि शराब कारोबारियों को फायदा होगा। उन्होंने इस फैसले के औचित्य पर भी सवाल उठाया।
उन्होंने कहा, ''मैं कांग्रेस पार्टी से पूछना चाहता हूं: आबकारी और उसके कारण सरकारी राजस्व कम करने से किसे फ़ायदा होगा? इसका फ़ायदा शराब कारोबारियों को होगा। और अगर आपका तर्क यह है कि खपत बढ़ेगी, तो क्या इसका मतलब यह है कि आप पूरी युवा पीढ़ी को शराब के जाल में फंसाना चाहते हैं?''
उन्होंने दावा किया कि यह फैसला ऐसे समय में और भी सवालों के घेरे में है, जब केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला भी स्वीकार कर चुके हैं कि राज्य में नशीले पदार्थों की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए त्रिवेदी ने पूछा, ''देश के युवाओं के लिए आपकी क्या योजना है? क्या यह सस्ती शराब उपलब्ध कराना, उन्हें शराब की लत में धकेलना, शराब कारोबारियों की जेबें भरना, राज्य का राजस्व कम करना और केरल के भविष्य के साथ खिलवाड़ करना है?''
केरल के राजस्व मंत्री ए.पी. अनिल कुमार ने शुक्रवार को कहा कि कम अल्कोहल वाले पेय पदार्थों पर कर में कटौती के बारे में कोई भी नीतिगत फ़ैसला सत्ताधारी यूडीएफ और कांग्रेस नेतृत्व के साथ बातचीत के बाद ही लिया जाएगा।
भाषा आशीष गोला
गोला
2606 1555 दिल्ली