मुर्हरम के मद्देनजर हरिद्वार, देहरादून में यातायात 'डायवर्जन' लागू
जोहेब
- 25 Jun 2026, 09:55 PM
- Updated: 09:55 PM
हरिद्वार/ देहरादून, 25 जून (भाषा) हरिद्वार ज़िला प्रशासन ने आगामी सप्ताहांत से लेकर 28 जून तक तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात और पार्किंग प्रबंधन की एक व्यापक योजना तैयार की है।
निर्जला एकादशी स्नान पर्व के मौके पर बृहस्पतिवार को देश भर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे।
अधिकारियों ने कहा कि शुक्रवार को मुहर्रम का त्योहार और उसके बाद शनिवार-रविवार की छुट्टियों के कारण लोगों की भीड़ और बढ़ने की उम्मीद है जिसे देखते हुए पुलिसकर्मियों के लिए भीड़ को संभालना एक चुनौतीपूर्ण काम होगा।
भारी भीड़ के बावजूद बृहस्पतिवार को निर्जला एकादशी का स्नान सफलतापूर्वक संपन्न हो गया, लेकिन प्रशासन की तत्काल प्राथमिकता शुक्रवार को मुहर्रम का शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करना है।
स्थानीय पार्षद और मुसलमान समुदाय के नेता अहसान अंसारी के अनुसार, शुक्रवार को हसन और हुसैन की याद में ताजिया जुलूस निकाले जाएंगे।
उन्होंने बताया कि ये जुलूस शहर के मुख्य बाज़ारों और रास्तों से गुज़रेंगे और ताजिया को रात में दफ़नाने की रस्मों से पहले लोगों के देखने के लिए इन्हें कुछ देर रोका जाएगा।
पुलिस ने बताया कि ज्वालापुर, पिरान कलियर, लक्सर, भगवानपुर, धनपुरा, सुल्तानपुर और मंगलौर समेत संवेदनशील इलाकों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। पुलिस प्रशासन के सख्त निर्देश है कि ताजिया जुलूस पहले से तय रास्तों से ही गुजरें।
यातायात के भारी दबाव को संभालने के लिए हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि अगर भीड़ बढ़ती है, तो हरिद्वार में आने वाली भारी गाड़ियों को ज़िले की सीमाओं पर ही रोक दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि दिल्ली, मेरठ, मुज़फ़्फ़रनगर, पंजाब, हरियाणा, देहरादून, ऋषिकेश और नजीबाबाद से आने वाले वाहनों के लिए डायवर्ज़न योजना बनायी गयी है।
एसएसपी ने कहा कि 24 जून की रात से हरिद्वार शहर में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक है। बसों, ट्रैक्टरों और अन्य यात्री वाहनों के लिए पार्किंग की जगहें तय की गई हैं।
भुल्लर ने तीर्थयात्रियों से दिशा-निर्देशों का पालन करने और केवल तय पार्किंग जगहों का ही इस्तेमाल करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भीड़ की स्थिति को देखते हुए यातायात योजना में ज़रूरी बदलाव किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पुलिस नियंत्रण कक्ष से सीसीटीवी कैमरों के ज़रिए चौबीसों घंटे नज़र रखी जा रही है।
देहरादून में, मुहर्रम के जुलूस को देखते हुए यातायात पुलिस ने शुक्रवार दोपहर दो बजे से रूट डायवर्जन प्लान लागू करने की घोषणा की है।
अधिकारियों ने बताया कि ईसी रोड से शुरू होकर सर्वे चौक, परेड ग्राउंड, लैंसडाउन चौक और दर्शनलाल चौक से होते हुए इनामुल्लाह बिल्डिंग तक जाने वाले जुलूस के दौरान सभी सार्वजनिक और निजी परिवहन जैसे सिटी बसों और ऑटो-रिक्शा के संचालन पर पाबंदी रहेंगी और कुछ हिस्सों को बंद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जुलूस गुजरने के बाद गाड़ियों की आवाजाही धीरे-धीरे सामान्य हो जाएगी।
भाषा दीप्ति सं
जोहेब
जोहेब
2506 2155 हरिद्वार/देहरादून