दिल्ली में बादल छाए रहे; रात में बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का 'येलो अलर्ट'
अविनाश
- 25 Jun 2026, 09:19 PM
- Updated: 09:19 PM
नयी दिल्ली, 25 जून (भाषा) दिल्ली में बृहस्पतिवार को आसमान में बादल छाए रहे और कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि तपिश 44.1 डिग्री सेल्सियस जैसी महसूस की गई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बृहस्पतिवार रात के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है, जिसमें कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है।
पालम में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लोधी रोड में यह सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक 38.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
रिज स्टेशन पर तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आयानगर में यह सामान्य से 1.9 डिग्री कम 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिन के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई, जिसमें आयानगर में सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच 9.2 मिमी बारिश हुई। इस स्टेशन पर 24 घंटे की अवधि के दौरान सबसे अधिक कुल 21.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
सुबह 8:30 बजे समाप्त हुई 24 घंटे की अवधि के दौरान रिज में 11.6 मिमी, लोधी रोड में 7.1 मिमी, पालम में 5.6 मिमी और सफदरजंग में 2.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
सफदरजंग में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री कम 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालम में न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.2 डिग्री कम 22.8 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में सामान्य से 1.6 डिग्री कम 25.4 डिग्री सेल्सियस, रिज में सामान्य से 4.4 डिग्री कम 22.2 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में सामान्य से 5.2 डिग्री कम 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
आईएमडी ने शुक्रवार को आम तौर पर बादल छाए रहने और गरज के साथ बारिश होने का अनुमान लगाया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 40 डिग्री सेल्सियस और 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
गरज के साथ बारिश का ऐसा ही मौसम एक जुलाई तक जारी रहने की उम्मीद है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शाम चार बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 130 दर्ज किया गया, जो "मध्यम" श्रेणी में आता है।
सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को "अच्छा", 51-100 को "संतोषजनक", 101-200 को "मध्यम", 201-300 को "खराब", 301-400 को "बेहद खराब" और 401-500 के बीच को "गंभीर" माना जाता है।
भाषा सुमित अविनाश
अविनाश
2506 2119 दिल्ली