तमिलनाडु गैस रिसाव: पांच कर्मचारियों के शव ओडिशा पहुंचे
माधव
- 23 Jun 2026, 10:22 PM
- Updated: 10:22 PM
भुवनेश्वर/क्योंझर, 23 जून (भाषा) तमिलनाडु में एक निजी समुद्री खाद्य पदार्थ प्रसंस्करण और निर्यात इकाई में अमोनिया गैस लीक से जान गंवाने वाली पांच युवतियों के शव मंगलवार को यहां बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पहुंचे।
राज्य के दो अन्य कर्मचारियों के शवों को, जिनकी मंगलवार को मौत हो गई थी, बाद में राज्य में लाया जाएगा।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी हवाई अड्डे पर मौजूद थे और उन्होंने उन मृत श्रमिकों को श्रद्धांजलि दी, जो क्योंझर जिले के 'विशेष रूप से कमज़ोर जनजातीय समूह' (पीवीटीजी) समुदायों से थे।
क्योंझर जिले के ही रहने वाले माझी ने पीड़ितों के परिवार वालों से मुलाक़ात की और संवेदना व्यक्त की।
इससे पहले, माझी ने राज्य के मृत कर्मचारियों के परिवारों के लिए अनुग्रह राशि बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने के अपनी सरकार के फैसले की घोषणा की थी। सोमवार को चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की गई थी।
अब तक, 21 जून को हुई इस त्रासदी में पीवीटीजी जुआंग समुदाय की सात महिलाओं की मौत हो चुकी है, जिनकी उम्र 15 से 20 साल के बीच थी।
अधिकारियों ने बताया कि 21 जून को पांच महिलाओं की मौत हुई थी, जबकि दो अन्य की मौत मंगलवार को हो गई। बाद में मरने वाले दो अन्य लोगों के शव अभी तक राज्य में नहीं पहुंचे थे।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा कि माझी ने इस घटना पर गहरा दुख जताया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
ओडिशा के श्रम आयुक्त इंद्रमणि त्रिपाठी ने कहा, "मंगलवार सुबह क्योंझर जिले की दो और महिलाओं की बीमारी से मौत हो गई, जिससे तमिलनाडु गैस त्रासदी में ओडिशा से मरने वालों की संख्या सात हो गई है।"
राज्य के 20 से ज्यादा अन्य लोगों का भी तमिलनाडु के अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
मुख्य सचिव अनु गर्ग ने कहा, "ओडिशा सरकार ने अधिकारियों का एक दल भेजा है, जिसमें श्रम विभाग के एक विशेष सचिव भी शामिल हैं। मैं तमिलनाडु के मुख्य सचिव के संपर्क में हूं। इलाज और शवों को वापस लाने के लिए हर संभव इंतज़ाम किए जा रहे हैं।"
क्योंझर से मिली एक खबर के अनुसार, जिले के चार गांवों में सात महिलाओं की मौत की खबर के बाद मातम छा गया।
क्योंझर जिले के श्रम अधिकारी और अन्य अधिकारी गांव में मौजूद थे और उन पांच शवों के अंतिम संस्कार की व्यवस्था कर रहे थे।
तमिलनाडु के तिरुवल्लुर जिले में स्थित इस ईकाई में नौ लोगों की मौत हो गयी थी जिसमें सात ओडिशा के और दो असम के हैं।
भाषा प्रशांत माधव
माधव
2306 2222 भुवनेश्वर