उप्र: शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई नीट-स्नातक की पुनर्परीक्षा
जितेंद्र
- 21 Jun 2026, 06:23 PM
- Updated: 06:23 PM
लखनऊ, 21 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-स्नातक (यूजी) 2026 की पुनर्परीक्षा रविवार को कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
लखनऊ के जिलाधिकारी विशाख जी. ने बताया कि यहां 75 परीक्षा केंद्रों पर 35 हजार से अधिक अभ्यर्थियों में से करीब 90 प्रतिशत ने परीक्षा दी।
उन्होंने बताया कि अंतिम आंकड़े बाद में जारी किए जाएंगे।
अधिकारियों के अनुसार, विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली गई।
परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम सवा पांच बजे तक आयोजित की गई और अभ्यर्थियों को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न एक बजे तक केंद्रों में प्रवेश की अनुमति दी गई।
परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 996 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।
इस दौरान पुलिस का मानवीय पक्ष भी देखने को मिला, जब गोमतीनगर स्थित एक गलत परीक्षा केंद्र पर पहुंची एक अभ्यर्थी को पुलिस ने उसके सही केंद्र तक पहुंचाने में मदद की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह परीक्षा केंद्र का प्रवेश द्वार बंद होने से महज सात मिनट पहले वहां पहुंच सकी।
जिलाधिकारी विशाख जी. और संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) बबलू कुमार ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
मथुरा से प्राप्त खबरों के अनुसार, जिले में भी कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच छह केंद्रों पर नीट-यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा आयोजित की गई।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) डॉ. अमरेश कुमार ने बताया कि परीक्षा के लिए 3,380 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई थी।
कुमार ने बताया कि परीक्षा को सुरक्षित, निष्पक्ष और कदाचार-मुक्त ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक केंद्र पर उप जिलाधिकारी स्तर के अधिकारी को स्टेटिक मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया गया था।
उन्होंने बताया कि केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा प्रबंधन, प्रकाश व्यवस्था और पेयजल जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई थीं।
प्रशासन के निर्देश पर परीक्षा समाप्त होने तक केंद्रों के आसपास की फोटोस्टेट की दुकानें और साइबर कैफे बंद रखे गए।
वाराणसी से मिली खबर के अनुसार, नीट-यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा 47 केंद्रों पर कड़ी निगरानी में आयोजित की गई, जिसमें 25 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया।
कैंट स्टेशन के अधिकारी अर्पित गुप्ता ने बताया कि उत्तर रेलवे ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए कई विशेष रेलगाड़ियों का परिचालन किया और वाराणसी रेलवे स्टेशन को हाई अलर्ट पर रखा गया था।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए राजकीय रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल के अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती की गई तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा दल भी उपलब्ध रखा गया।
पिछले महीने आयोजित नीट-यूजी 2026 परीक्षा कथित पेपर लीक के कारण रद्द कर दी गई थी, जिसके बाद यह परीक्षा दोबारा आयोजित की गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभ्यर्थियों के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों के किराये में 50 प्रतिशत छूट की घोषणा की थी।
साथ ही जिलों के प्रशासन को ऐसे अभ्यर्थियों के लिए ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए थे, जिन्हें दूसरे जिलों में परीक्षा देने जाना था।
भाषा सलीम जितेंद्र
जितेंद्र
2106 1823 लखनऊ