भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर जीता एफआईएच महिला नेशंस कप, प्रो लीग में वापसी पक्की
नमिता
- 21 Jun 2026, 03:50 PM
- Updated: 03:50 PM
ऑकलैंड, 21 जून (भाषा) भारतीय महिला हॉकी टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए रविवार को फाइनल में मेजबान न्यूजीलैंड को 2-0 से हराकर दूसरी बार एफआईएच महिला नेशंस कप का खिताब अपने नाम करने के साथ ही अगले सत्र के लिए एफआईएच महिला प्रो लीग में भी जगह बना ली।
नवनीत कौर ने चौथे मिनट में ही भारत को बढ़त को दिला दी जबकि सुनेलिता टोप्पो ने 15वें मिनट में दूसरा गोल दागकर टीम की बढ़त को 2-0 कर दिया। इसके बाद भारतीय टीम ने मजबूत रक्षात्मक प्रदर्शन करते हुए बढ़त को अंत तक बनाए रखा और खिताब अपने नाम किया।
फाइनल में शानदार प्रदर्शन के लिए लालरेमसियामी को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया जबकि दीपिका टूर्नामेंट में छह गोल के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्कोरर रहीं। उन्होंने अमेरिका की एश्ले सेसा के साथ यह उपलब्धि साझा की।
यह भारत का दूसरा नेशंस कप खिताब है। इससे पहले टीम ने 2022 में शुरुआती सत्र का खिताब अपने नाम किया था।
भारत पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रहा। टीम ने पूल चरण में अमेरिका को 3-2, जापान को 2-1 और उरुग्वे को 3-2 से हराया, जबकि सेमीफाइनल में चिली को 6-0 से एकतरफा मुकाबले में मात दी।
टीम के शानदार प्रदर्शन को सम्मान देने के लिए हॉकी इंडिया ने प्रत्येक खिलाड़ी को तीन लाख रुपये और सहयोगी स्टाफ को डेढ़ लाख रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की।
खिताबी मुकाबले में शुरुआत में न्यूजीलैंड ने गेंद पर अधिक नियंत्रण रखा, लेकिन भारत पहले ही मौके को भुनाने में सफल रहा। नवनीत कौर ने पेनल्टी कॉर्नर को चौथे मिनट में गोल में बदलकर भारत को बढ़त दिलाई।
भारतीय टीम ने तेज जवाबी हमले से न्यूजीलैंड की रक्षा पंक्ति पर लगातार दबाव बनाए रखा। इसके बाद भारत के पांचवें पेनल्टी कॉर्नर पर सुनेलिता ने दीपिका के शॉट को डिफ्लेक्ट कर 15वें मिनट में दूसरा गोल दागा।
भारत ने दूसरे क्वार्टर में अनुशासित खेल दिखाया लेकिन न्यूजीलैंड ने वापसी की कोशिश जारी रखी। दोनों टीमों को गोल नहीं मिल सका और मध्यांतर तक स्कोर 2-0 रहा।
भारतीय रक्षापंक्ति तीसरे क्वार्टर में बेहद मजबूत रही और मेजबान टीम को कोई आसान मौका नहीं दिया। चौथे क्वार्टर में न्यूजीलैंड को पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन गोलकीपर सविता ने शानदार बचाव किया।
भारतीय रक्षापंक्ति ने इसके बाद शानदार तालमेल दिखाते हुए न्यूजीलैंड को गोल करने से दूर रखा। टीम ने 2-0 की बढ़त बरकरार रखते हुए खिताब अपने नाम कर लिया।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता
2106 1550 ऑकलैंड