अमेरिका-ईरान वार्ता रविवार को स्विट्जरलैंड में शुरू होगी, तेहरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य फिर बंद किया
दिलीप
- 20 Jun 2026, 10:45 PM
- Updated: 10:45 PM
तायर (लेबनान), 20 जून (एपी) लेबनान में इज़राइल के हमले जारी रहने से नाराज ईरान ने शनिवार को होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से बंद करने की घोषणा की और यह भी कहा कि हालांकि उसके वार्ताकार बातचीत के लिए स्विट्ज़रलैंड जा रहे हैं, लेकिन वहां से ज़्यादा कुछ हासिल होने की उम्मीद नहीं है।
इस बीच, प्रमुख मध्यस्थ पाकिस्तान ने कहा कि तकनीकी स्तर की बातचीत रविवार को स्विट्जरलैंड के बर्गेनस्टॉक में शुरू होगी, जिसमें कतर के मध्यस्थ भी शामिल होंगे।
ईरान की संयुक्त सैन्य कमान ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से बंद कर दिया गया है। इसने कहा कि यह कदम लेबनान में इज़राइल के हमले जारी रहने और अमेरिका की ''बदनीयती'' व युद्ध खत्म करने संबंधी वादों के स्पष्ट उल्लंघन की वजह से उठाया गया है।
सरकारी टेलीविज़न पर दिए गए बयान में यह चेतावनी भी दी गई कि ''अगर आक्रामकता जारी रहती है, तो आगे के कदम उठाने की योजना बना ली गई है।''
इस हफ़्ते की शुरुआत में अमेरिका और ईरान के बीच अंतरिम समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद जहाज़ों ने जलडमरूमध्य से गुजरना शुरू कर दिया था।
वहीं, ईरान के सरकारी टीवी ने कहा कि युद्ध के मुद्दे पर अमेरिका के साथ बातचीत करने वाली ईरानी टीम स्विट्जरलैंड जा रही है।
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाहेई ने कहा कि जब तक ईरान को यह नहीं लगेगा कि अमेरिका समझौते का पालन कर रहा है, तब तक शायद ही कुछ हो।
वाशिंगटन में, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने शनिवार को पुष्टि की कि अमेरिका के मुख्य वार्ताकार-जेरेड कुशनर और स्टीव विटकॉफ पहले से ही स्विट्ज़रलैंड में हैं तथा ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर होने वाली संभावित बातचीत की तकनीकी बारीकियों पर काम कर रहे हैं।
वेंस ने 'फॉक्स न्यूज' से कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वह ''अगले कुछ दिनों में कभी भी'' स्विट्ज़रलैंड के लिए रवाना हो जाएंगे।
शनिवार को इससे पहले, दक्षिणी लेबनान में इज़राइली हमलों में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। ये हमले वहाँ संघर्षविराम समझौते की ख़बरें आने के कुछ ही घंटों बाद हुए।
शुक्रवार को लेबनान में कम से कम 47 लोगों और चार इजराइली सैनिकों के मारे जाने के बाद, मध्यस्थ इजराइल और चरमपंथी समूह हिज़्बुल्ला के बीच लड़ाई को रुकवाने की कोशिश कर रहे हैं।
एपी नेत्रपाल दिलीप
दिलीप
2006 2245 तायर