आईएसआई-समर्थित आतंकी मॉड्यूल से जुड़े पांच संदिग्ध गिरफ्तार; पुलिस पर हमले की थी योजना
माधव
- 17 Jun 2026, 06:25 PM
- Updated: 06:25 PM
नयी दिल्ली, 17 जून (भाषा) पाकिस्तान में रहने वाले गैंगस्टर शहज़ाद भट्टी से जुड़े एक कथित अंतर-राज्यीय आतंकी मॉड्यूल के पांच और लोगों को गिरफ़्तार किया गया है। इन पर पुलिसकर्मियों पर हमले की साज़िश रचने और आईएसआई समर्थित संगठन के लिए दुष्प्रचार को फैलाने का आरोप है। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
इससे पहले सात मई को 'ऑपरेशन गैंग बस्ट 2.0' के दौरान कथित मॉड्यूल के तीन सदस्यों के पकड़ा गया था। इस मामले में कुल गिरफ़्तारियों की संख्या आठ हो गई है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बयान में कहा, "आरोपियों को दिल्ली और पड़ोसी राज्यों में पुलिसकर्मियों को निशाना बनाने, थानों और सुरक्षा ठिकानों की टोह लेने और दिल्ली-एनसीआर में पोस्टरों के ज़रिए 'तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान' (टीटीएच) नाम के आतंकी संगठन का प्रचार करने का काम सौंपा गया था।"
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान फरीदाबाद के रहने वाले सोहेल (26), दिल्ली के घिटोरनी के सोनू मीणा (30), राजस्थान के दौसा ज़िले के सचिन कुमार मीणा (20), हरियाणा के नूंह के मोहम्मद कैफ (21) और उत्तर प्रदेश के मेरठ के मोहम्मद रिहान (20) के तौर पर हुई है।
पुलिस ने बताया कि इस मॉड्यूल को पाकिस्तान में मौजूद शहज़ाद भट्टी चला रहा था, जिसे 'इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस' (आईएसाई) का समर्थन हासिल है। वह हसन गुज्जर, राणा हुनैन, आबिद जट्ट और मोहसिन जैसे साथियों के ज़रिए इसे संचालित कर रहा था। ये सभी पाकिस्तान में ही रहते हैं।
अभियान के दौरान, पुलिस ने पांच पिस्तौल, 10 कारतूस, पोस्टर और वीडियो समेत डिजिटल सामग्री बरामद की। इनमें पुलिसकर्मियों को कथित तौर पर दी गई धमकियों के वीडियो और संभावित लक्ष्यों की निगरानी से जुड़ी जानकारी शामिल है।
पुलिस अधिकारी ने कहा, "विशेष प्रकोष्ठ भट्टी और उसके नेटवर्क की गतिविधियों पर नज़र रख रहा था और मुखबिरों व तकनीकी निगरानी के ज़रिए जानकारी जुटाई, जिसके बाद ये गिरफ्तारियां हुईं।"
उन्होंने बताया कि सोहेल का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उसने भट्टी के कहने पर दिल्ली और फरीदाबाद में कई जगहों पर टीटीएच से जुड़ी सामग्री दीवारों पर लिखने और इस गतिविधि के वीडियो 'एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग' मंच के ज़रिए साझा किए। उसे इस काम के लिए कथित रूप से 5,000 रुपये दिए गए थे।
सोनू मीणा के पास से तीन पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए। उस पर मॉड्यूल के दूसरे सदस्यों के लिए हथियार और पैसे का इंतज़ाम करने का आरोप है। पुलिस ने बताया कि उसने दुष्प्रचार गतिविधियों को अंजाम देने के लिए सोहेल को 5,000 रुपये स्थानांतरित किए थे।
पुलिस के मुताबिक, सोनू के साथी सचिन कुमार मीणा के पास से दो पिस्तौल और कारतूस मिले।
अधिकारी ने बताया, "कैफ, भट्टी के साथियों राणा हुनैन और आबिद जट्ट के कथित तौर पर संपर्क में था। उन्होंने उसे पुलिस ठिकानों की टोह लेने, हमलों के लिए युवाओं को भर्ती करने और पुलिसकर्मियों की लक्षित हत्याओं की साजिश रचने के निर्देश दिए थे।"
पुलिस ने बताया कि रिहान पाकिस्तान में मौजूद आकाओं आबिद जट्ट और मोहसिन के सीधे संपर्क में था। उसने मेरठ में आबिद जट्ट के पोस्टर कथित तौर पर लगाए थे और उसे पुलिसकर्मियों पर गोली चलाने के लिए तीन लाख रुपये की पेशकश की गई थी। उसे सुरक्षा ठिकानों की टोह लेने और टीटीएच को बढ़ावा देने का काम भी सौंपा गया था।
पुलिस ने बताया कि टीटीएच ने हाल में अमृतसर के मजीठा में एक सहायक उपनिरीक्षक की हत्या की ज़िम्मेदारी ली थी।
उन्होंने बताया कि इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए तीन आरोपी - उत्तर प्रदेश के अमरोहा के सोयाब और रवि कश्यप व मध्य प्रदेश के अनमोल राय उर्फ अन्नू पुलिसकर्मियों पर हमले की साजिश रचने में कथित तौर पर शामिल थे। उन्होंने अपने आकाओं के कहने पर अधिकारियों को धमकाते हुए वीडियो भी रिकॉर्ड किए थे।
भाषा नोमान
नोमान माधव
माधव
1706 1825 दिल्ली