शिक्षक भर्ती घोटाला: ईडी के समक्ष पेश हुए तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी
अमित
- 15 Jun 2026, 01:35 PM
- Updated: 01:35 PM
(तस्वीरों सहित)
कोलकाता, 15 जून (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों ने कथित प्राथमिक स्कूल भर्ती घोटाले की जांच के सिलसिले में सोमवार को तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी से पूछताछ शुरू की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
बनर्जी से यह पूछताछ ऐसे समय हो रही है जब पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता की नियुक्ति के लिए विधायकों के हस्ताक्षरों की कथित जालसाजी के मामले में अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) ने रविवार को तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी से करीब साढ़े आठ घंटे पूछताछ की थी।
अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय जांच एजेंसी ने डायमंड हार्बर से सांसद बनर्जी से घोटाले के सिलसिले में पूछे जाने वाले दो दर्जन सवालों की सूची तैयार की है।
अधिकारी ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, ''पूरी पूछताछ प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की जाएगी, उसका सत्यापित किया जाएगा और इस मामले में गिरफ्तार अन्य आरोपियों के साक्ष्यों और बयानों से उसका मिलान किया जाएगा।''
उन्होंने कहा कि कथित अपराध से अर्जित धन के स्रोत और उसके प्रवाह का पता लगाने के लिए जांचकर्ता बनर्जी का सामना वित्तीय दस्तावेजों, डिजिटल रिकॉर्ड तथा मामले के अन्य आरोपियों के बयानों से भी कराएंगे।
अधिकारी ने कहा, ''हमारा ध्यान धन के लेन-देन की पूरी कड़ियों को जोड़ने पर है। यह पता लगाया जा रहा है कि धन का प्रबंधन किसने किया, उसे विभिन्न खातों और संस्थाओं के माध्यम से कैसे अंतरित किया गया और क्या उसके वास्तविक स्रोत को छिपाने के लिए लेन-देन को कई स्तरों से गुजारा गया था।''
उन्होंने कहा कि एजेंसी पहले प्रस्तुत की गई जानकारी और तलाशी के दौरान बरामद नई सामग्री के बीच पाई गई ''विसंगतियों'' के संबंध में भी स्पष्टीकरण मांगेगी।
अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक स्कूल में शिक्षकों की भर्ती में कथित अनियमितताओं से जुड़ी धनशोधन जांच के सिलसिले में जारी समन के अनुपालन में बनर्जी सोमवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे कोलकाता स्थित ईडी के सीजीओ कॉम्प्लेक्स कार्यालय पहुंचे।
पूछताछ के दौरान फॉरेंसिक विश्लेषण में चिह्नित बिचौलियों और लाभार्थी संस्थाओं की भूमिका को लेकर भी सवाल किए जाएंगे। अधिकारी ने कहा, ''हमने बैंक रिकॉर्ड और संचार संबंधी डेटा जुटाए हैं, जिनसे कई संदिग्ध लोगों की संलिप्तता के संकेत मिलते हैं। आज की पूछताछ का उद्देश्य इन तथ्यों का बनर्जी के बयान से मिलान करना है।''
ईडी घोटाले की जांच के सिलसिले में पूर्व मंत्री चंद्रनाथ सिन्हा सहित कई लोगों से पहले भी पूछताछ कर चुकी है।
भाषा खारी अमित
अमित
1506 1335 कोलकाता