गिल का नाबाद अर्धशतक, भारत ने अफगानिस्तान को सात विकेट से हराया
आनन्द
- 13 Jun 2026, 10:33 PM
- Updated: 10:33 PM
धर्मशाला, 13 जून (भाषा) भारत ने पदार्पण कर रहे तेज गेंदबाज गुरनूर बरार और स्पिनर हर्ष दुबे की शानदार गेंदबाजी के बाद कप्तान शुभमन गिल (नाबाद 84 रन) के अर्धशतक से शनिवार को यहां बारिश से प्रभावित पहले वनडे में अफगानिस्तान को सात विकेट से हरा दिया।
लगातार बारिश के कारण मैच शुरू होने में चार घंटे 15 मिनट की देरी हुई, लेकिन आसमान साफ होने के बाद बेहतरीन 'ड्रेनेज सिस्टम' से ज्यादा समय बर्बाद नहीं हुआ। इससे मैच को घटाकर 25-25 ओवर का कर दिया गया और उम्मीद के मुताबिक भारत ने टॉस जीतकर विपक्षी टीम को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया।
बरार और दुबे ने तीन तीन झटके देकर प्रभावित किया जिससे अफगानिस्तान की टीम विकेटकीपर बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज (51 गेंद में 102 रन) के शतक के बावजूद 24.5 ओवर में 194 रन पर सिमट गई।
बरार ने 4.5 ओवर में 27 रन देकर तीन विकेट झटके जबकि बांए हाथ के स्पिनर दुबे ने 47 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए। अर्शदीप सिंह ने 27 रन और नीतिश कुमार रेड्डी ने 31 रन देकर दो दो विकेट लिए।
गिल ने अपने सलामी जोड़ीदार और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा (16 रन) के रन आउट होने के बाद 66 गेंद में 11 चौके और दो छक्के जड़ित नाबाद पारी खेली। गिल ने छठे ओवर में जोखिम भरा एक रन लेने से इनकार कर दिया जिससे रोहित रन आउट हुए।
केएल राहुल (19 गेंद में चार चौके, तीन छक्के से नाबाद 39 रन) ने चौका जड़कर 13 गेंद रहते भारत को जीत दिलाई और श्रृंखला में 1-0 से आगे कर दिया।
यह श्रृंखला भारत की 2027 वनडे विश्व कप तैयारियों की शुरूआत है जिसमें खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया।
ईशान किशन (22 गेंद में 34 रन) भी तीसरे नंबर पर वनडे में वापसी के दौरान अच्छी लय में दिखे लेकिन राशिद खान की गुगली ने उनकी पारी का अंत किया।
श्रेयस अय्यर 15 गेंद में 12 रन ही बना सके और तेज गेंदबाज जियाउर रहमान की गेंद पर आउट हुए।
गिल ने रहमान की गेंद पर शानदार कवर ड्राइव से शुरुआत करने के बाद ज्यादातर शानदार बाउंड्री स्पिन तिकड़ी राशिद, मोहम्मद नबी और एएम गजनफर के खिलाफ लगाईं।
गिल ने गुजरात टाइटन्स के अपने साथी खिलाड़ी राशिद की भी जमकर धुनाई की जिसमें मिड-विकेट के ऊपर लगाया गया छक्का खास रहा।
इससे पहले टी20 क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले गुरबाज स्पष्ट सोच के साथ मैदान पर उतरे और उन्होंने अपनी पारी के दौरान आठ चौके और इतने ही छक्के जमाए।
शुरुआत में गेंद हवा में थोड़ी स्विंग हो रही थी, लेकिन गुरबाज ने शुरू से ही आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने अर्शदीप की गेंद पर कट लगाकर चौका जड़ा और फिर आगे बढ़कर बाएं हाथ के तेज गेंदबाज की गेंद को सीधे मैदान के ऊपर से छक्के के लिए भेजा।
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज बरार इससे पहले लंबे समय तक भारतीय टीम के साथ नेट गेंदबाज रहे थे, उन्होंने अपने पहले ओवर में लगातार 145 किमी प्रति घंटा से ज्यादा की रफ्तार से गेंदबाजी की और गेंद को बाहर की ओर स्विंग कराया। इ
बरार की शुरुआती कुछ गेंदें फुल लेंथ से बाहर की ओर स्विंग हुईं। जिसके बाद उन्होंने अपनी लेंथ को कम करते हुए सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जदरान को गलती करने पर मजबूर किया जो हवा में शॉट खेलने की कोशिश में मिड-ऑफ पर कैच आउट हो गए। पंजाब के इस तेज गेंदबाज को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तुरंत सफलता मिल गई।
अर्शदीप के सेदिकुल्लाह अटल को पगबाधा आउट करने के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 16 रन पर दो विकेट हो गया। फिर रहमत शाह भी अर्शदीप की गेंद पर पुल शॉट खेलने के प्रयास में आउट हो गए और स्कोर तीन विकेट पर 26 रन हो गया।
गुरबाज 14 रन के निजी स्कोर पर आउट हो सकते थे, लेकिन अर्शदीप और भारत ने रिव्यू नहीं लेने का फैसला किया। गुरबाज ने मौके का फायदा उठाते हुए नौंवा वनडे शतक जड़ दिया।
उन्होंने अपने आक्रामक खेल से दुबे समेत सभी गेंदबाजों पर दबाव बनाया। दुबे के पहले दो ओवरों में 26 रन बने जिसमें गुरबाज ने उनकी दो शॉर्ट गेंदों पर मिड-विकेट के ऊपर से छक्के जड़े।
गुरबाज ने बरार की एक शॉर्ट गेंद पर भी छक्का लगाया और प्रसिद्ध कृष्णा और वाशिंगटन सुंदर जैसे गेंदबाजों की भी जमकर धुनाई की। हालांकि नीतीश कुमार ने सधी हुई गेंदबाजी की और दो विकेट भी लिए।
16वें ओवर में गुरबाज के आउट होने से रन गति धीमी हो गई और अफगानिस्तान गुरबाज द्वारा मिली मजबूत नींव का पूरा फायदा नहीं उठा सका।
दुबे ने अपने दूसरे स्पेल में अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी (30 गेंदों पर 27 रन), आक्रामक ऑलराउंडर अजमतुल्लाह उमरजई (16 गेंदों पर 26 रन) और एएम गजनफर को आउट करके विकेटों का खाता खोला।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द
1306 2233 धर्मशाला