'जब वी मेट' मेरी सबसे ज्यादा खारिज की गई पटकथा : इम्तियाज अली
दिलीप
- 12 Jun 2026, 10:45 PM
- Updated: 10:45 PM
नयी दिल्ली, 12 जून (भाषा) जब वी मेट" एक ऐसी कहानी थी, जिसे निर्देशक इम्तियाज अली ने सिर्फ खुद के मनोरंजन के लिए लिखा था, और उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि यह फिल्म बनाने के लिहाज से एक "बेहतर" स्क्रिप्ट साबित होगी। लेकिन 2007 की इस सुपरहिट फिल्म ने न केवल उन्हें गलत साबित किया, बल्कि उन सभी आलोचकों और फिल्म निर्माताओं के मुंह पर भी ताला लगा दिया जिन्होंने इस कहानी को 'बेतुका' कहकर खारिज कर दिया था।
अभिनेत्री करीना कपूर और अभिनेता शाहिद कपूर की यह फिल्म दो बिल्कुल अलग स्वभाव के अजनबियों की कहानी है, जो ट्रेन में मिलते हैं और उनके बीच एक अनोखी दोस्ती विकसित होती है, जो बाद में प्रेम में बदल जाती है। यह फिल्म आज भी अपने यादगार संवादों, संगीत और कहानी के लिए जानी जाती है।
अपने करियर की शुरुआत में पहचान बनाने के लिए संघर्ष कर रहे अली ने याद किया कि उनकी पहली फिल्म 'सोचा न था' को पूरा करने में उन्हें काफी समय लगा था। आयशा टाकिया और अभय देओल अभिनीत इस फिल्म की शूटिंग के दौरान ही उन्होंने खाली समय में 'जब वी मेट' की पटकथा लिखी थी।
हालांकि, पंजाब में 'जब वी मेट' की शूटिंग के दौरान भी वह आत्म-संशय से घिरे रहे और उन्हें यह तक भरोसा नहीं होता था कि अगले दिन शूटिंग हो भी पाएगी या नहीं।
अली ने 'पीटीआई-भाषा' के दिल्ली मुख्यालय के दौरे के दौरान कहा, ''और सच कहूं तो यह ऐसी कहानी थी, जिस पर मुझे बहुत गर्व भी नहीं था। मैंने यह पटकथा केवल अपना मनोरंजन करने के लिए लिखी थी। मुझे कभी नहीं लगा कि यह फिल्म बनाने लायक है। यह मेरे लिए एक तरह का निजी खिलौना भर थी।''
इम्तियाज अली ने कहा, "कहानी लिखने के बाद इसे किसी को सुनाने में भी झिझक महसूस होती थी और जब इसे सुनाना शुरू किया, तो यकीन मानिए, मेरी किसी भी दूसरी फिल्म की तुलना में इस फिल्म को निर्माताओं और कलाकारों ने सबसे ज्यादा बार खारिज किया।"
जब उनसे पूछा गया कि लोगों को पटकथा में क्या कमी नजर आती थी, तो अली ने उन प्रतिक्रियाओं का जिक्र किया, जो उन्हें विभिन्न निर्माताओं को कहानी सुनाने के दौरान सुनने को मिलीं।
उन्होंने कहा, "'यह फिल्म आखिर किस बारे में है?', 'यह हासिल क्या करना चाहती है?', 'इसमें कोई मतभेद नहीं है', 'और सच कहें तो इसमें जो कुछ हो रहा है वह काफी बचकाना है', 'आखिर में लोग शाहिद कपूर के किरदार को क्यों स्वीकार करेंगे?'... इस तरह की बातें कहकर इसे बार-बार खारिज किया जाता था।"
अली ने बताया कि इस कहानी पर सबसे पहले भरोसा करने वाली अभिनेत्री प्रीति जिंटा थीं।
उन्होंने कहा, "'जब वी मेट' की कलाकार टीम तय होने में काफी समय लगा। मैंने एक बार प्रीति जिंटा को इसकी कहानी सुनाई थी... वह पहली व्यक्ति थीं, जिन्हें यह कहानी और इसकी पटकथा पसंद आई थी।"
अली ने फिल्म की पटकथा और सभी संवाद स्वयं लिखे थे, जिनमें फिल्म के कई यादगार और लोकप्रिय संवाद भी शामिल हैं।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप
1206 2245 दिल्ली