मोदी सरकार के 12 साल ने देश की दिशा और दशा बदली : गिरिराज सिंह
खारी
- 12 Jun 2026, 10:42 PM
- Updated: 10:42 PM
रायपुर, 12 जून (भाषा) केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष भारत के लिए परिवर्तनकारी दौर रहे हैं, जिन्होंने देश की दिशा और दशा दोनों को बदल दिया है।
केंद्र में मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की रायपुर शहर इकाई द्वारा आयोजित 'विकसित भारत संकल्प सम्मेलन' को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि 2014 में देश ने ऐसे नेतृत्व पर भरोसा जताया था, जिसने शासन को सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा का संकल्प माना।
उन्होंने कहा, ''आज जब हम पीछे मुड़कर देखते हैं, तो स्पष्ट दिखाई देता है कि इन 12 वर्षों में भारत ने सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, राष्ट्रीय सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सांस्कृतिक आत्मविश्वास के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की है।''
सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' को केवल नारा नहीं रहने दिया, बल्कि इसे शासन की कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाया।
केंद्रीय मंत्री ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा, ''प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 81 करोड़ लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न मिल रहा है। आयुष्मान भारत योजना ने गरीब परिवारों को महंगे इलाज की चिंता से राहत दी है और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता मिली है। ये योजनाएं केवल सरकारी घोषणाएं नहीं रहीं, बल्कि करोड़ों परिवारों के जीवन में सम्मान, सुरक्षा और विश्वास का आधार बनी हैं।''
उन्होंने कहा कि 2014 के बाद देश को ऐसा सशक्त नेतृत्व मिला, जिसने भारत की वैश्विक पहचान को मजबूत किया।
सिंह ने दावा किया कि 2014 में भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में 11वें स्थान पर था, जबकि आज वह अग्रणी आर्थिक शक्तियों में शामिल है।
सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 12 वर्षों में ऐसे कई कार्य किए हैं, जो संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार अपने 60 वर्षों के शासनकाल में नहीं कर सकी।
उन्होंने कहा कि 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया, उज्ज्वला योजना के तहत करोड़ों महिलाओं को निःशुल्क गैस कनेक्शन दिए गए और प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराए गए।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान देश की अर्थव्यवस्था को नयी ऊर्जा मिली है।
उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान ने देश को केवल उपभोक्ता बाजार तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे उत्पादन, नवाचार और वैश्विक आपूर्ति शृंखला के मजबूत केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ाया है। मोबाइल निर्माण, इलेक्ट्रॉनिक्स, रक्षा उत्पादन, सेमीकंडक्टर, फार्मा और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में भारत ने उल्लेखनीय प्रगति की है।
अग्रवाल ने कहा कि आज भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में आत्मविश्वास के साथ खड़ा है।
उन्होंने कहा कि 'डिजिटल इंडिया' अभियान ने शासन व्यवस्था और नागरिक जीवन में व्यापक बदलाव लाया है।
उन्होंने कहा कि यूपीआई ने डिजिटल भुगतान को आम लोगों के दैनिक जीवन का हिस्सा बना दिया है, जबकि गांवों तक इंटरनेट और डिजिटल सेवाओं की पहुंच ने शासन को अधिक तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाया है।
भाषा संजीव खारी
खारी
1206 2242 रायपुर