ओडिशा के सरकारी संस्थानों में किंडरगार्टन से स्नातकोत्तर तक मुफ्त पढ़ाई होगी: मुख्यमंत्री माझी
माधव
- 12 Jun 2026, 09:16 PM
- Updated: 09:16 PM
(तस्वीर के साथ)
भुवनेश्वर, 12 जून (भाषा) ओडिशा के सरकारी विद्यालयों और महाविद्यालयों में बाल वाटिक (किंडरगार्टन) से लेकर स्नातकोत्तर स्तर तक की पढ़ाई मुफ्त होगी। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शुक्रवार को यहां यह घोषणा की।
माझी ने ओडिशा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के दो साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित एक सवांददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि इस कदम से राज्य के सभी विद्यार्थियों, विशेषतौर पर आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों और लड़कियों को फायदा होगा।
उन्होंने कहा, ''शिक्षा को वास्तव में निशुल्क और सबके लिए सुलभ बनाने के लिए, मेरी सरकार बाल वाटिका से लेकर स्नातकोत्तर तक की शिक्षा को पूरी तरह मुफ्त करने की घोषणा कर रही है। ''
मुख्यमंत्री ने कहा, ''इससे राज्य के सभी छात्रों, खासकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों और लड़कियों को फायदा होगा। शायद, शिक्षा के क्षेत्र में ऐसा कदम पूरे देश में पहली बार ओडिशा में उठाया जा रहा है।''
माझी ने कहा कि यह फैसला राज्य के युवाओं की नींव को मजबूत करेगा और लंबे समय के विकास में योगदान देगा।
उन्होंने पूर्ववर्ती बीजू जनता दल (बीजद)सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि कोई सार्थक काम करने के बजाय, ''वे केवल विद्यालयों में रंग-रोगन ही करते रहे''।
माझी ने कहा, ''ज्ञान ही शक्ति है। आज हम जिस स्थिति में हैं, वहां साक्षरता कोई बड़ी समस्या नहीं है। असली समस्या अच्छी गुणवत्ता वाली शिक्षा देना है। मुझे हैरानी है कि 24 साल से सत्ता में रहे लोगों के दिमाग में यह साधारण सी बात क्यों नहीं आई।''
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार शिक्षा के क्षेत्र में पहले ही दो ''ऐतिहासिक कदम'' उठा चुकी है, जिनमें राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को लागू करना और हर पंचायत में गोदावरीश मिश्र आदर्श प्राथमिक स्कूल स्थापित करना शामिल है।
उन्होंने कहा कि पहले चरण में योजनाबद्ध 2,200 विद्यालयों में से 322 विद्यालयों की आधारशिला पहले ही रखी जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य ओडिशा की सभी ग्राम पंचायतों में विद्यालयों का उन्नयन करना है।
माझी ने कहा, ''इसके साथ ही, पिछले दो सालों में 26,615 शैक्षणिक और गैर शैक्षणिक कर्मियों की नियुक्ति की गई है। हम अगले तीन सालों में 45,000 और शिक्षकों की नियुक्ति करेंगे।''
उन्होंने कहा कि ओडिशा में चार नए विश्वविद्यालय खुलेंगे और ग्रामीण इलाकों में 18 नए राजकीय महाविद्यालयों की स्थापना की जाएगी।
माझी ने कहा, ''आने वाले दिनों में ओडिशा को पूर्वी भारत की उच्च शिक्षा की राजधानी बनाया जाएगा।''
भाषा धीरज माधव
माधव
1206 2116 भुवनेश्वर