लखनऊ में सीजेपी के विरोध प्रदर्शन में छात्र, अभ्यर्थी हुए शामिल
सिम्मी
- 12 Jun 2026, 12:42 PM
- Updated: 12:42 PM
(तस्वीरों सहित)
लखनऊ, 12 जून (भाषा) परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके के नेतृत्व में शुक्रवार को यहां युवाओं का विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ जिसमें विभिन्न सरकारी प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थी एवं छात्र सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर एकत्र हुए।
प्रदर्शनकारियों में शिक्षण, चिकित्सा, राजस्व, प्रशासनिक और अन्य सरकारी भर्ती परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थी शामिल हुए। वे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर इको गार्डन में एकत्र हुए।
यह प्रदर्शन समूह द्वारा शुरू किए गए राष्ट्रव्यापी विरोध अभियान का हिस्सा है। समूह इससे पहले दिल्ली और पुणे में प्रदर्शन कर चुका है।
अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) बबलू कुमार ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि कार्यक्रम की अनुमति किसी संगठन नहीं बल्कि एक व्यक्ति द्वारा आवेदन प्रस्तुत करने के बाद दी गई।
उन्होंने कहा, "शिक्षक विवेक कुमार ने बृहस्पतिवार देर शाम आवेदन जमा किया था। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद अनुमति दे दी गई।"
अधिकारी ने स्पष्ट किया कि पुलिस द्वारा विरोध प्रदर्शन की अनुमति दिए जाने से इनकार करने की खबरें भ्रामक हैं क्योंकि प्रदर्शन के संबंध में पुलिस को बृहस्पतिवार शाम तक कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ था।
पुलिस ने कहा कि अनुमति सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक के लिए दी गई है और इसमें लगभग 1,000 लोगों के भाग लेने की संभावना है।
इससे पहले दीपके ने बृहस्पतिवार देर रात लखनऊ हवाई अड्डे के बाहर पत्रकारों से कहा था, ''मैं प्रदर्शन के लिए आया हूं। हमने दिल्ली और पुणे में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किए, जहां हमने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की अपनी मांग रखी। कल (शुक्रवार को) भी हम शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से यही करेंगे।''
उन्होंने कहा था, ''हमने दिल्ली और पुणे में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किए हैं। हम कुछ भी गलत नहीं कर रहे। हम लोकतंत्र में केवल अपनी बात रखना चाहते हैं।''
सीजेपी ने बृहस्पतिवार को पुणे में प्रदर्शन किया था। लखनऊ के बाद पार्टी की योजना अमृतसर और बेंगलुरु में प्रदर्शन करने की है। इसके बाद 20 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन किए जाने का कार्यक्रम है।
भाषा जफर सिम्मी
सिम्मी
1206 1242 लखनऊ