10 जून का इतिहास : भारतीय टीम ने पहली बार लॉर्ड्स मैदान पर टेस्ट मैच में जीत हासिल की
मनीषा
- 10 Jun 2026, 10:43 AM
- Updated: 10:43 AM
नयी दिल्ली, दस जून (भाषा) भारतीय क्रिकेट के इतिहास के लिए 10 जून के दिन का खास महत्व है। यही वह दिन है, जब भारतीय टीम को पहली बार लॉर्ड्स मैदान पर टेस्ट मैच में जीत हासिल हुई। कपिल देव की अगुवाई में भारतीय टीम ने 10 जून 1986 को इंग्लैंड को 5 विकेट से हराकर इतिहास रचा था।
भारतीय टीम 1986 में जब इंग्लैंड दौरे पर गई थी, तब किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि पहले ही टेस्ट मैच में टीम को ऐसी अप्रत्याशित जीत मिल जाएगी। इस मैच में इंग्लिश टीम ने पहली पारी में 294 रन बनाए थे, जिसके जवाब में भारतीय टीम की पहली पारी 341 में रन पर सिमट गई।
इसके बाद इंग्लैंड के बल्लेबाज दूसरी पारी में 180 रन पर ही सिमट गए। ऐसे में भारत के पास मैच जीतने का बेहतरीन मौका था और उन्होंने दूसरी पारी में 5 विकेट खोकर 136 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया और इतिहास रच दिया।
दस जून 2019 को प्रख्यात नाटककार, अभिनेता, निर्देशक एवं ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित गिरीश कर्नाड का 81 वर्ष साल की उम्र में बेंगलुरू में निधन हो गया। पद्मश्री एवं पद्म भूषण से सम्मानित कर्नाड मौजूदा युग के सबसे महत्त्वपूर्ण साहित्यकारों में से एक थे जिन्होंने अपनी मातृभाषा कन्नड़ में अपनी मौलिक कृतियों से भारतीय साहित्य को समृद्ध किया था।
उन्होंने कई नाटक एवं फिल्में लिखीं, उनमें अभिनय किया और निर्देशन किया जिन्हें आलोचकों की खूब वाहवाही मिली। उनके नाटक ''नागमंडल'', ''ययाति'' और ''तुगलक'' ने उन्हें काफी ख्याति दिलाई जिनका कन्नड़ से अंग्रेजी एवं अन्य भारतीय भाषाओं में अनुवाद किया गया।
कर्नाड हिंदी एवं कन्नड़ सिनेमा में एक प्रसिद्ध चेहरा थे। उन्होंने ''संस्कार", "निशांत", "मंथन" जैसी समानांतर फिल्मों से लेकर "टाइगर जिंदा है" और "शिवाय" जैसी व्यावसायिक फिल्मों में अपने अभिनय का जादू बिखेरा।
दस जून 2024 को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन 'इसरो' के आदित्य-एल1 अंतरिक्षयान के दो रिमोट सेंसिंग उपकरणों ने सौर लपटों की तस्वीरें लीं। भारत का पहला सौर मिशन आदित्य-एल1 छह जनवरी 2024 को लैग्रेंजियन बिंदु (एल1) पर पहुंचा। यह अभियान दो सितंबर, 2023 को शुरू हुआ था।
दस जून 10 जून 2026 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले भारत के निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए। इसके साथ ही उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। मोदी के नाम लगातार 4,399 दिनों तक प्रधानमंत्री पद पर रहने का रिकॉर्ड दर्ज हुआ है। इससे पहले यह रिकॉर्ड नेहरू के नाम था, जिन्होंने देश के पहले आम चुनाव के बाद मई 1952 से 27 मई 1964 तक लगातार 4,398 दिनों तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया था।
देश-दुनिया के इतिहास में 10 जून की तारीख पर दर्ज प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है-
1246 : नसीरुद्दीन मुहम्मद शाह प्रथम दिल्ली के शासक बने। इससे पहले दिल्ली के सुलतान अलाउद्दीन मसूद शाह को निर्वासित कर दिया गया।
1829 : ब्रिटेन की ऑक्सफोर्ड और कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी के बीच पहली बोट रेस।
1848 : न्यूयॉर्क और शिकागो के बीच पहला टेलीग्राफ लिंक शुरू।
1931 : नार्वे ने पूर्वी ग्रीनलैंड पर कब्जा किया।
1934 : सोवियत संघ और रोमानिया के बीच राजनयिक संबंध दोबारा स्थापित।
1940 : इटली ने द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान फ्रांस और ब्रिटेन के खिलाफ लड़ाई की घोषणा की।
1946 : राजशाही खत्म होने के बाद इटली गणतांत्रिक राष्ट्र बना।
1966 : वायु सेना के लड़ाकू विमान मिग का महाराष्ट्र के नासिक जिले से उत्पादन शुरू।
1967 : इजराइल ने संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव पर युद्ध विराम को स्वीकार करके छह दिन से जारी अरब युद्ध को समाप्त कर दिया। इस दौरान इजराइल ने यहूदियों, ईसाइयों और मुसलमानों के लिए पवित्र माने जाने वाले यरूशलम पर पूरी तरह से कब्जा कर लिया।
1971 : अमेरिका ने चीन के 21 साल के व्यापार प्रतिबंध को खत्म कर दिया।
1972 : मुंबई के मडगांव बंदरगाह से पूर्ण वातानुकूलित पोत हर्षवर्धन का जलावतरण।
1986 : भारत ने इंग्लैंड को 5 विकेट से हराकर लॉर्ड्स में पहली टेस्ट जीत दर्ज की।
1999 : नाटो ने कोसोवो पर पिछले 79 दिन से की जा रही बमबारी को रोकने का ऐलान किया। क्षेत्र से सर्ब सैनिकों की वापसी शुरू होने पर यह घोषणा की गई।
2002 : पाकिस्तान ने विश्व की दूसरी सबसे ऊंची चोटी के-2 का नाम बदलकर 'शाहगौरी' कर दिया।
2003 : अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा का मंगलयान रोवर लॉन्च।
2019 : प्रख्यात नाटककार, अभिनेता, निर्देशक एवं ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित गिरीश कर्नाड का 81 वर्ष साल की उम्र में बेंगलुरू में निधन।
2020 : आंतकी संगठन बोको हराम के संदिग्ध सदस्यों ने नाइजीरिया के उत्तरपूर्वी हिस्से में 69 लोगों की हत्या कर दी ।
2021 : कवि, प्रोफेसर एवं फिल्म निर्माता बुद्धदेव दासगुप्ता का 77 साल की उम्र में निधन। उनके निर्देशन में बनीं कुछ प्रसिद्ध फिल्मों में 'नीम अन्नपूर्णा', 'गृहजुद्ध', 'बाघ बहादुर', 'तहादेर कथा','चाराचर', 'लाल दर्जा', 'उत्तरा', 'स्वपनेर दिन', 'कालपुरुष' और 'जनाला' शामिल है। उन्होंने दो हिंदी फिल्में 'अंधी गली' और 'अनवर का अजब किस्सा' भी बनाई। दासगुप्ता को उनकी फिल्मों के लिए 12 राष्ट्रीय पुरस्कर मिले।
इसी दिन एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता और भारतीय मुक्केबाजी को नयी दिशा देने वाले डिंको सिंह का 42 साल की उम्र में निधन । मणिपुर के इस सुपरस्टार ने 10 वर्ष की उम्र में अपना पहला राष्ट्रीय खिताब (सब जूनियर) जीता था। वह भारतीय मुक्केबाजी के पहले स्टार मुक्केबाज थे जिनके एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक से छह बार की विश्व चैंपियन एम सी मैरीकॉम सहित कई इस खेल से जुड़ने के लिये प्रेरित हुए थे।
2023 : 'पार्टीगेट' रिपोर्ट के बाद ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने सांसद पद छोड़ा।
2024 : भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन 'इसरो' के आदित्य-एल1 अंतरिक्ष यान ने सौर लपटों की तस्वीरें लीं।
2025 : ऑस्ट्रिया के ग्राज शहर के एक स्कूल में हुई गोलीबारी में दस लोगों की मौत ।
भाषा
मनीषा
मनीषा
1006 1043 दिल्ली