मालवीय नगर अग्निकांड : एमसीडी हौज रानी के 12 होटलों का लाइसेंस रद्द करने के लिए पत्र लिखेगी
माधव
- 04 Jun 2026, 06:32 PM
- Updated: 06:32 PM
नयी दिल्ली, चार जून (भाषा) दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) हौज रानी में 'बेड-एंड-ब्रेकफास्ट' (बी एंड बी) आधार पर संचालित 12 होटलों के लाइसेंस रद्द करने के लिए पर्यटन विभाग को पत्र लिखेगा। मालवीय नगर के होटल में आग लगने की घटना के बाद ये कदम उठाया जा रहा है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
यह कदम ऐसे समय सामने आया है जब बुधवार को मालवीय नगर स्थित 'फ्लोरिश स्टे' होटल में लगी आग के बाद नगर निकाय अधिकारियों ने प्रवर्तन उपायों को तेज कर दिया है। इस हादसे में 12 विदेशी नागरिकों सहित 21 लोगों की मौत हो गई।
एमसीडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हौज रानी इलाके में, जहां आग लगने की घटना हुई, वहां और उसके आसपास स्थित 12 लाइसेंस प्राप्त बी एंड बी संपत्तियों की पहचान की गई है और उनके लाइसेंस रद्द होने के बाद उन्हें सील कर दिया जाएगा।
अधिकारी ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, ''हमने नियमों का उल्लंघन करते हुए संचालित हो रही ऐसी 12 इमारतों की पहचान की है। चूंकि इन्हें बेड-एंड-ब्रेकफास्ट योजना के तहत लाइसेंस प्राप्त हैं, इसलिए सबसे पहले हम इन लाइसेंस को रद्द करवाएंगे। लाइसेंस रद्द होने के बाद हम इन्हें सील कर सकेंगे।''
उन्होंने कहा कि नगर निगम लाइसेंस रद्द करने के लिए पर्यटन विभाग को पत्र लिखेगा।
क्षेत्र में सुरक्षा नियमों के उल्लंघन और अनधिकृत व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर आलोचनाओं के बाद नगर निकाय के भीतर उच्च स्तरीय समीक्षा के बीच, एमसीडी ने दक्षिण क्षेत्र में अनधिकृत व्यावसायिक संपत्तियों के खिलाफ अपने प्रवर्तन अभियान का विस्तार भी किया है।
अधिकारी ने बताया कि दक्षिण दिल्ली के साकेत इलाके में, जहां 30 मई को एक बहुमंजिला इमारत गिर गई थी और छह लोगों की जान चली गई थी, नियमों का उल्लंघन करते हुए प्रतिष्ठान चलाने वाले संपत्ति मालिकों और किरायेदारों को 32 अतिरिक्त नोटिस जारी किए जाएंगे।
उन्होंने कहा, ''हमने ऐसी 32 और संपत्तियों की पहचान की है। कल तक हमने संपत्ति मालिकों को आठ नोटिस जारी किए थे।''
अधिकारी ने कहा कि नए नोटिस शुक्रवार तक जारी कर दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 72 घंटे की नोटिस अवधि पूरी होने के बाद संपत्तियों को सील कर दिया जाएगा। हालांकि, अधिकारी ने यह पुष्टि नहीं की कि चिन्हित 12 बी एंड बी प्रतिष्ठानों में 'फ्लोरिश स्टे' के मालिक से जुड़ी संपत्तियां शामिल हैं या नहीं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, होटल मालिक लवकेश बजाज कथित तौर पर इलाके में दो अन्य संपत्तियों - फ्लोरिश इन और ग्रीन रेजिडेंसी - का संचालन करता था।
बजाज को घटना के सिलसिले में बुधवार को गिरफ्तार किया गया था।
भाषा शफीक माधव
माधव
0406 1832 दिल्ली