गुरुग्राम: गोमांस पकाने का वीडियो अपलोड करने पर बंगाली महिला गिरफ्तार
नेत्रपाल
- 03 Jun 2026, 02:51 PM
- Updated: 02:51 PM
गुरुग्राम, तीन जून (भाषा) हरियाणा की गुरुग्राम पुलिस ने उस महिला को गिरफ्तार कर लिया है जिसने एक वीडियो अपलोड कर दावा किया था कि उसने पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री के लिए गोमांस पकाया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि गुरुग्राम के चक्करपुर गांव में घरेलू सहायिका के तौर पर काम करने वाली पश्चिम बंगाल के दिनाजपुर की निवासी ज्योत्सना बीबी को कथित रूप से धार्मिक भावना आहत करने को लेकर गिरफ्तार किया गया है तथा उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि 30 मई को चक्कपुर पुलिस चौकी को कथित तौर पर गोमांस पकाने से संबंधित एक वीडियो के बारे में जानकारी मिली।
चक्कपुर गांव के निवासी दिनेश यादव ने पुलिस से शिकायत करते हुए वीडियो दिखाया जिसमें संबंधित महिला कथित तौर पर यह कहती दिखी, ''मैंने आपके (पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री) लिए कुछ गोमांस पकाया है। आपने मुझे इस बार कुर्बानी नहीं करने दी।''
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सेक्टर 29 थाने में प्राथमिकी दर्ज कर 30 मई को बीबी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि उसे यहां एक अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
मंगलवार को बीबी के वकील ने जमानत अर्जी दायर की, लेकिन उसे (बीबी को) जमानत नहीं मिली। अर्जी पर सुनवाई करते हुए प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट सुमन की अदालत ने अगली सुनवाई की तारीख आठ जून निर्धारित कर दी।
शिकायतकर्ता के वकील सुंदर ने बताया कि आरोपी की जमानत अर्जी पर दोनों पक्षों की दलीलें मंगलवार को सुनी गईं और अगली सुनवाई आठ जून को होगी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "हमने आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है और उसे फॉरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित रख लिया है। पुलिस ने अदालत में जमानत याचिका का विरोध करते हुए तर्क दिया कि अगर आरोपी को रिहा किया जाता है, तो वह गवाहों को प्रभावित कर सकती है। मामले की जांच जारी है।"
इससे पहले, मई में, पश्चिम बंगाल सरकार ने अधिकारियों से "फिट सर्टिफिकेट" के बिना पशु वध पर रोक लगाने वाले दिशानिर्देश जारी किए थे और निर्देशों का पालन न करने पर दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी थी।
भाषा
राजकुमार नेत्रपाल
नेत्रपाल
0306 1451 गुरुग्राम