सतीशन ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चेन्निथला और पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन से मुलाकात की
धीरज
- 15 May 2026, 04:22 PM
- Updated: 04:22 PM
(तस्वीरों सहित)
तिरुवनंतपुरम, 15 मई (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री बनने जा रहे कांग्रेस नेता वी.डी. सतीशन ने शुक्रवार को पार्टी के वरिष्ठ सहयोगी रमेश चेन्निथला से यहां उनके आवास पर मुलाकात की और कहा कि वह दोनों भाई जैसे हैं।
इसके अलावा, सतीशन अपने पूर्ववर्ती पिनराई विजयन से भी मिले।
सतीशन और चेन्निथला दोनों मुख्यमंत्री पद की दौड़ में थे। हालांकि, कांग्रेस द्वारा सतीशन को अगला मुख्यमंत्री घोषित किए जाने के बाद, चेन्निथला बृहस्पतिवार को तिरुवनंतपुरम स्थित अपने आवास से निकलकर गुरुवायुर चले गए। वह शुक्रवार सुबह राजधानी लौटे।
सतीशन को पूर्वाह्न 10 बजे चेन्निथला के आवास पर जाना था, लेकिन चेन्निथला के अपने करीबी पार्टी नेताओं के साथ बाहर जाने के कारण मुलाकात में देरी हुई।
पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन से मुलाकात के बाद, सतीशन दोपहर करीब साढ़े 12 बजे चेन्निथला के घर गए। वरिष्ठ नेता ने उनका स्वागत किया, जिसके बाद दोनों ने चर्चा की।
इस बैठक में कांग्रेस नेता अनवर सादात, अबिन वर्की, ज्योति कुमार, वी.टी. बलराम और जोसेफ वाझक्कन भी मौजूद थे।
बाद में, दोनों नेताओं ने अन्य नेताओं की अनुपस्थिति में चर्चा की। बैठक लगभग 45 मिनट तक चली।
सतीशन ने यहां संवाददाताओं से कहा, ''मैं चेन्निथला से उनका आशीर्वाद लेने गया था। छात्र जीवन से लेकर आज तक, वह हमेशा से मेरे नेता रहे हैं।''
सतीशन ने कहा कि चेन्निथला ने उन्हें नयी जिम्मेदारी के लिए आशीर्वाद दिया।
उन्होंने कहा, ''उनका आशीर्वाद और समर्थन हमेशा मेरे साथ रहेगा। यह दो भाइयों के बीच की मुलाकात है।''
जब उनसे पूछा गया कि क्या चेन्निथला मंत्रिमंडल का हिस्सा होंगे, तो सतीशन ने कहा कि यह फैसला पार्टी करेगी।
उन्होंने कहा, ''पार्टी नेतृत्व उनसे (चेन्निथला से) चर्चा करेगा और उनकी राय लेने के बाद निर्णय लिया जाएगा।''
चेन्निथला ने भी सतीशन के चयन पर खुशी जाहिर की और कहा, ''मैं आलाकमान के फैसले का स्वागत करता हूं।''
उन्होंने कहा कि पार्टी नेताओं के बीच गहरे व्यक्तिगत संबंध हैं।
चेन्निथला ने कहा, ''केरल को दस साल के एलडीएफ (वाम लोकतांत्रिक मोर्चा) शासन से मुक्त कराने की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है। हम पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर इसे पूरा करने के लिए काम करेंगे।''
जब उनसे पूछा गया कि क्या वे मंत्री बनेंगे, तो चेन्निथला ने भी वही जवाब दिया कि यह फैसला पार्टी का होगा।
सतीशन इससे पहले दोपहर लगभग सवा 12 बजे विजयन के आवास पहुंचे। विजयन और उनके परिवार ने बाहर आकर उनका स्वागत किया, जिसके बाद दोनों नेताओं ने अंदर जाकर बातचीत की। विजयन, सतीशन का हाथ पकड़कर उन्हें घर के भीतर ले गए।
चाय की चुस्कियों के बीच दोनों ने स्वास्थ्य और खानपान को लेकर भी बातचीत की। विजयन इस दौरान ग्रीन टी पी रहे थे। सतीशन ने विजयन की अनुशासित जीवनशैली की तारीफ की।
एलडीएफ की सत्ता जाने के बाद विजयन ने सरकारी आवास खाली कर दिया था और हाल ही में 'बेकरी जंक्शन' पर एक मकान किराए पर लिया है।
सतीशन 2021 से 2026 तक विजयन के दूसरे कार्यकाल में केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे। अब जब सतीशन मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने जा रहे हैं, तो मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के विधायक दल के नेता चुने गए विजयन के विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनने की संभावना है।
मुलाकात के बाद सतीशन और विजयन ने संयुक्त रूप से पत्रकारों से बात की।
सतीशन ने कहा कि विजयन केरल के सबसे वरिष्ठ नेताओं में से एक हैं जो दस साल मुख्यमंत्री और 16 साल माकपा के राज्य सचिव रहे हैं, इसीलिए वह उनसे मिलने आए हैं।
उन्होंने कहा, ''हमने एक अहम जिम्मेदारी संभाली है और वह नेता प्रतिपक्ष बनने जा रहे हैं। राजनीति में हम हर बात पर सहमत न हों, लेकिन केरल से जुड़े मुद्दों पर हमें एकजुट रहना चाहिए। मुझे उम्मीद है यह संभव होगा और मैंने उनसे इसमें सहयोग मांगा है।''
पूर्ववर्ती सरकार की योजनाओं को लेकर सतीशन ने स्पष्ट किया कि उन्हें रद्द नहीं किया जाएगा।
सतीशन ने कहा कि उन्होंने विजयन को 18 मई के शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया है। जब पूछा गया कि क्या विजयन आएंगे, तो सतीशन ने कहा, ''बिल्कुल आएंगे।''
हालांकि विजयन ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देने से यह कहते हुए मना कर दिया कि वह बाद में मिलेंगे।
विजयन से मिलने से पहले सतीशन ने 'एमएलए हॉस्टल' में केरल कांग्रेस नेता पी.जे. जोसेफ और अन्य पार्टी नेताओं से मुलाकात की।
इसके बाद सतीशन पूर्व विधानसभा अध्यक्ष जी. कार्तिकेयन के आवास पहुंचे।
कार्तिकेयन की पत्नी एम.टी. सुलेखा को देखते ही वह भावुक हो गए।
सतीशन ने यूडीएफ संयोजक और सांसद अदूर प्रकाश के आवास पर भी जाकर उनसे भेंट की।
भाषा
खारी धीरज
धीरज
1505 1622 तिरुवनंतपुरम