पंत ने सुपरकिंग्स के खिलाफ हार के लिए खराब क्षेत्ररक्षण को ज़िम्मेदार ठहराया
नमिता
- 10 May 2026, 08:47 PM
- Updated: 08:47 PM
चेन्नई, 10 मई (भाषा) लखनऊ सुपरजायंट्स (एलएसजी) के कप्तान ऋषभ पंत ने कहा कि टीम के पास पर्याप्त रन थे, लेकिन खराब क्षेत्ररक्षण के कारण उन्हें चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग मैच में पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा।
जोश इंग्लिस की 85 रनों की शानदार पारी की बदौलत सुपरजायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 203 रन बनाए। सुपरकिंग्स ने उर्विल पटेल की तूफानी पारी (23 गेंद में 65 रन) की मदद से 19.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
इस हार के साथ सुपरजायंट्स की प्लेऑफ की उम्मीदें भी समाप्त हो गईं। टीम की 11 मैचों में यह आठवीं हार है।
पंत ने मैच के बाद प्रसारकों से कहा, "यह एक बेहतरीन मैच था। सब कुछ अच्छे से चल रहा था। हमें पता था कि पावरप्ले में दबाव झेलना पड़ेगा। चेन्नई में आकर आप इसी तरह का क्रिकेट उम्मीद करते हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "हमें लगा था कि स्कोर पर्याप्त था, लेकिन क्षेत्ररक्षण का स्तर बेहतर होना चाहिए था, हमने बहुत सारे कैच छोड़े। उर्विल ने अविश्वसनीय पारी खेली, जैसे हमारे लिए इंग्लिस ने खेली थी। टीम ने उर्विल के आउट होने के बाद शानदार जज्बा दिखाते हुए मजबूत वापसी की।"
सुपरजायंट्स ने पावरप्ले में आक्रामक शुरुआत की थी, जहां जोश इंग्लिस ने चेन्नई के गेंदबाजों पर जोरदार हमला करते हुए पहले पांच ओवरों में बिना विकेट खोए 77 रन बना दिए थे। टीम ने आठ विकेट पर 203 रन बनाए।
पंत ने स्वीकार किया कि टीम अपने लक्ष्य से थोड़ा पीछे रह गई। उन्होंने कहा, "जिस तरह हमने शुरुआत की, हम और रन बनाना चाहते थे। हमें लगा था कि 200–210 एक अच्छा स्कोर होगा। उन्होंने तेज शुरुआत की, लेकिन हमें पता था कि पावरप्ले के बाद बल्लेबाजी करना मुश्किल होगा।"
अंतिम ओवर में गेंदबाजी विकल्प को लेकर पूछे जाने पर पंत ने कहा कि यह एक कठिन निर्णय था और टीम ने अनुभव पर भरोसा किया। मैच में अच्छी गेंदबाजी करने वाले शाहबाज अहमद का एक ओवर बाकी था, लेकिन पंत ने गेंद एडेन मारक्रम को थमा दी। शिवम दुबे ने शुरुआती दो गेंदों पर छक्का जड़कर सुपरकिंग्स की जीत पक्की कर दी।
उन्होंने कहा, "यह कठिन फैसला था। हमें किसी पर भरोसा करना था। एडेन मारक्रम ने पहले भी कई बार ऐसा किया है, इसलिए हम हर खिलाड़ी पर भरोसा करते हैं।"
उर्विल पटेल ने अपनी विस्फोटक पारी के बाद कहा कि टीम प्रबंधन और अनुभवी खिलाड़ियों ने उन्हें अपने तरीके से खेलने की सलाह दी थी।
उर्विल ने कहा, "कोच ने मुझे अपनी तकनीक पर टिके रहने और सही शॉट खेलने को कहा था। रुतुराज ने बस इतना कहा कि विकेट थोड़ा धीमा है और गेंद नीचे रह रही है, इसलिए तैयार रहो। उन्होंने मुझसे नैसर्गिक खेल पर ध्यान देने के लिए कहा।"
भाषा आनन्द नमिता
नमिता
1005 2047 चेन्नई