उर्विल की आतिशी पारी से सीसके ने एलएसजी को हरा मजबूत की प्लेऑफ की उम्मीदें
आनन्द
- 10 May 2026, 08:31 PM
- Updated: 08:31 PM
(तस्वीरों के साथ)
चेन्नई, 10 मई (भाषा) चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) ने इंडियन प्रीमियर लीग टी20 मैच में रविवार को यहां लखनऊ सुपरजायंट्स (एलएसजी) को पांच विकेट से हराकर प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को मजबूत किया।
उर्विल पटेल ने 13 गेंद में अर्धशतक पूरा कर भारतीय सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के रिकॉर्ड की बराबरी की। उन्होंने 23 गेंद में आठ छक्कों और दो चौकों की मदद से 65 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली।
जोश इंग्लिस की 33 गेंद में 85 रन की आक्रामक पारी के बावजूद सुपरकिंग्स ने जैमी ओवरटन की शानदार गेंदबाजी के बूते सुपरजायंट्स को आठ विकेट पर 203 रन पर रोकने के बाद 19.2 ओवर में पांच विकेट पर 208 रन बनाकर जीत दर्ज की।
टीम 11 मैचों में छठी जीत के बाद 12 अंक के साथ तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गई, जबकि अंतिम पायदान पर काबिज सुपरजायंट्स की आठवीं हार के बाद प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें खत्म हो गईं।
उर्विल के अलावा कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने 28 गेंद में 42 रन का योगदान दिया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 34 गेंद में 81 रन जोड़े। गायकवाड़ ने इससे पहले संजू सैमसन (14 गेंद में 28 रन) के साथ 22 गेंद में 45 रन की साझेदारी कर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई।
शिवम दुबे (नाबाद 15) ने एडेन मारक्रम के खिलाफ अंतिम ओवर में लगातार दो छक्के जड़े, जिससे सुपरकिंग्स ने 2018 के बाद पहली बार 200 से अधिक का लक्ष्य हासिल किया। प्रशांत वीर 17 रन पर नाबाद रहे।
इंग्लिस ने अपनी पारी में छह छक्के और 10 चौके जड़कर सुपरजायंट्स का स्कोर नौवें ओवर के बाद 112 रन तक पहुंचा दिया था।
ओवरटन की अगुवाई में गेंदबाजों ने 10वें से 15वें ओवर के बीच 35 रन के अंदर चार विकेट झटककर रनगति पर अंकुश लगा दिया। ओवरटन ने चार ओवर में 36 रन देकर तीन विकेट लिए, जिसमें इंग्लिस का विकेट भी शामिल था। नूर अहमद ने चार ओवर में 24 रन देकर एक विकेट लिया, जबकि अंशुल कंबोज को दो विकेट मिले लेकिन उन्होंने 47 रन खर्च किए।
आखिरी ओवरों में शाहबाज अहमद (नाबाद 43) और हिम्मत सिंह (17) ने सातवें विकेट के लिए 32 गेंद में 50 रन की साझेदारी कर बीच के ओवरों के नुकसान की भरपाई की। शाहबाज ने 25 गेंद की नाबाद पारी में तीन चौके और इतने ही छक्के लगाए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए सैमसन और गायकवाड़ ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई। सैमसन कुछ आकर्षक शॉट खेलने के बाद चौथे ओवर में राठी की गेंद पर आउट हो गए।
इसके बाद उर्विल पटेल ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए पावरप्ले में ही मैच का रुख पलट दिया। आवेश खान के खिलाफ लगातार तीन छक्के जड़ने के बाद राठी तीन छक्के और चौका लगाकर पावरप्ले में सुपरकिंग्स के स्कोर को एक विकेट पर 97 रन तक पहुंचा दिया।
उन्होंने आक्रामक तेवर जारी रखते हुए शमी के खिलाफ छक्का लगाने के बाद एक रन साथ 13 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर अपनी इस उपलब्धि को अपने पिता को समर्पित किया। उन्होंने जेब से एक कागज निकाला, जिस पर लिखा था, "यह आपके लिए है पापा।''
राठी ने आसान कैच टपकाकर उन्हें जीवनदान दिया लेकिन वह इसका फायदा उठाने में नाकाम रहे।। उन्होंने आवेश खान की गेंद पर कैच देकर अपना विकेट गंवा दिया।
सुपरजायंट्स के गेंदबाजों ने इसके बाद रनगति पर अंकुश लगाना शुरू किया और शाहबाज ने गायकवाड़ को बोल्ड कर बड़ी सफलता हासिल की।
कार्तिक शर्मा (20) और डेवाल्ड ब्रेविस (10) सहज नजर नहीं आए।
जरूरी रनगति के बढ़ने के साथ ही ब्रेविस राठी की गेंद पर गच्चा खाकर बोल्ड हो गए। आवेश ने अगले ओवर की पहली गेंद पर कार्तिक को पवेलियन की राह दिखा दी। दो गेंद पर दो विकेट के साथ सुपरजायंट्स ने मैच में अच्छी वापसी की, लेकिन इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर आये प्रशांत ने 18वें ओवर में प्रिंस के खिलाफ छक्का जड़ा।
अगले ओवर में आवेश की गेंद पर उन्हें लगातार दो जीवनदान मिले। राठी और निकोल्स पूरन ने उनका कैच टपका दिया। इस बल्लेबाज ने छक्का जड़कर इसका जश्न मनाया, जिससे टीम को आखिरी ओवर में 10 रन की जरूरत थी।
क्रीज पर बाएं हाथ के बल्लेबाजों की मौजूदगी के कारण पंत ने शाहबाज की जगह गेंद मारक्रम को सौंपी, लेकिन दुबे के दो गगनचुंबी छक्कों के साथ मैच खत्क किया।
पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर इंग्लिस ने अकील हुसैन के खिलाफ साइट स्क्रीन के ऊपर से छक्का जड़ने के बाद मुकेश चौधरी और कंबोज के खिलाफ सहजता से बड़े शॉट खेलते हुए 3.4 ओवर में टीम के रनों का अर्धशतक पूरा कर दिया। यह सुपरजायंट्स का सबसे तेज अर्धशतक है।
इंग्लिस ने इन दोनों तेज गेंदबाजों के खिलाफ रिवर्स स्कूप पर दो कमाल के छक्के लगाए।
उन्होंने 18 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया।
कंबोज ने मिचेल मार्श को आउट कर 31 गेंद में 77 रन की साझेदारी को तोड़ा। इस साझेदारी में मार्श का योगदान 10 गेंद में 10 रन का था।
नूर ने पावरप्ले के बाद निकोल्स पूरन (एक) का अपनी फिरकी में फंसाकर कैच कराया।
पावरप्ले में सुपरजायंट्स ने इस सत्र का अपना सर्वोच्च स्कोर एक विकेट पर 91 रन बना लिए।
ओवरटन के खिलाफ 10वें ओवर में इंग्लिस एक बार फिर स्कूप करने की कोशिश में विकेटकीपर सैमसन को कैच दे बैठे।
कप्तान ऋषभ पंत (15) का खराब फॉर्म जारी रहा और वह इसी ओवर में गेंद को विकेटों पर खेल गए।
टीम अभी इन झटकों से उबरी भी नहीं थी कि ब्रेविस ने बाउंड्री के बाउंड्री के पास से सीधे विकेटों पर थ्रो कर मारक्रम (छह) को रन आउट कर दिया।
अक्षत रघुवंशी (18) ओवरटन का तीसरा शिकार बने।
हिम्मत ने क्रीज पर आते ही छक्का जड़कर आत्मविश्वास दिखाया, वहीं एक छोर से संभलकर खेलने के बाद शाहबाज ने 19वें ओवर में ओवरटन के खिलाफ दो चौके और एक छक्का जड़कर 17 रन बटोरे इस गेंदबाज के आंकड़े खराब किये।
इस बायें हाथ के बल्लेबाज पारी की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर टीम के स्कोर को 200 रन के पार पहुंचा दिया।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता
आनन्द
1005 2031 चेन्नई