केजरीवाल ने संजीव अरोड़ा के खिलाफ ईडी की छापेमारी को लेकर प्रधानमंत्री मोदी की आलोचना की
प्रशांत
- 09 May 2026, 03:16 PM
- Updated: 03:16 PM
नयी दिल्ली, नौ मई (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कड़ी आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के नेताओं को डरा-धमकाकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल करने के लिए एजेंसी का दुरुपयोग किया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धनशोधन से जुड़ी जांच के तहत अरोड़ा और उनसे कथित रूप से जुड़े कुछ अन्य लोगों के परिसरों पर शनिवार को फिर से छापे मारे।
उन्होंने बताया कि अरोड़ा का चंडीगढ़ स्थित आधिकारिक आवास भी उन पांच परिसरों में शामिल है जिन पर छापेमारी की गई।
केजरीवाल ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि प्रवर्तन निदेशालय और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को धन शोधन और भ्रष्टाचार के मामलों पर काम करना चाहिए, लेकिन मोदी शासन में ये एजेंसियां विपक्षी नेताओं को डराने, धमकाने और भाजपा में शामिल कराने के लिए काम कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि अरोड़ा के खिलाफ यह छापेमारी भी इसी दिशा में उठाया गया कदम है।
केजरीवाल ने कहा कि एक महीने के भीतर अरोड़ा पर प्रवर्तन निदेशालय का यह दूसरा छापा है और सवाल किया कि आखिर एजेंसी ढूंढ क्या रही है।
केजरीवाल के इन आरोपों पर भाजपा और प्रवर्तन निदेशालय की तरफ से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
इससे पहले, दिन में केजरीवाल ने 'एक्स' पर कहा, ''जैसे ही बंगाल चुनाव खत्म हुए, मोदी जी ने पंजाब में रोज ईडी की छापेमारी शुरू कर दी है। पिछले कुछ साल में मोदी जी ने पंजाब के साथ बहुत धोखा किया है। पंजाबियों को तरह-तरह से प्रताड़ित किया है।''
उन्होंने कहा, ''पंजाब गुरुओं की धरती है। कई सौ साल पहले औरंगजेब ने जुर्म और अत्याचार के जरिए देश के कई भागों पर कब्जा कर लिया। मोदी जी ने भी बेईमानी से देश के कई हिस्सों पर कब्जा लिया है।...मोदी जी भी अब पंजाब पहुंचे हैं। मोदी जी भी पंजाबियों पर अत्याचार कर रहे हैं। पर गुरुओं ने कुर्बानी देकर औरंगजेब का सामना किया और लोगों को बचाया। आज गुरुओं की कुर्बानी से प्रेरणा लेकर पंजाब मोदी जी के अत्याचार का सामना करेगा और पूरे देश को उनके अत्याचार से बचाएगा।''
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया, ''पंजाब के पानी पर हमला किया, पंजाब विश्वविद्यालय को लेने की कोशिश की, ग्रामीण विकास का पैसा रोक लिया और अब ईडी की ताबड़तोड़ 'रेड' शुरू कर दी। अशोक मित्तल के यहां 'रेड' हुई, अगले दिन उनको भाजपा में शामिल करवा लिया।''
उन्होंने कहा, ''इसका मतलब ईडी की छापेमारी का मकसद चोरी का पैसा ढूंढ़ना नहीं था। केवल अशोक मित्तल को तोड़कर उन्हें भाजपा में शामिल करवाना था। कुछ दिन पहले संजीव अरोड़ा के यहां भी छापेमारी हुई। वह भाजपा में शामिल नहीं हुए तो उनके यहां फिर से छापेमारी करवा दी।''
केजरीवाल ने कहा, ''कुछ वर्ष पहले मोदी जी ने पंजाब के किसानों को ललकारा था और उन्हें किसानों के आगे झुकना पड़ा। आज मोदी जी ने पूरे पंजाब को ललकारा है।''
भाषा खारी प्रशांत
प्रशांत
0905 1516 दिल्ली