बिहार: मंत्रिमंडल विस्तार के बाद मंत्रियों ने संभाला कार्यभार, गिनाईं सरकार की प्राथमिकताएं
राजकुमार
- 08 May 2026, 06:33 PM
- Updated: 06:33 PM
(तस्वीरों के साथ)
पटना, आठ मई (भाषा) बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार के एक दिन बाद शुक्रवार को नवनियुक्त मंत्रियों ने अपने-अपने विभागों का कार्यभार संभाला और सरकार की प्राथमिकताओं को लोगों के सामने सामने रखा।
मंत्रियों ने स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, सहकारिता, समाज कल्याण और जन वितरण प्रणाली समेत विभिन्न क्षेत्रों में सुधार एवं पारदर्शिता लाने की बात कही।
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता निशांत कुमार ने शुक्रवार को औपचारिक रूप से स्वास्थ्य मंत्री का कार्यभार संभाला।
पदभार ग्रहण करने के बाद निशांत कुमार ने कहा कि उनकी प्राथमिकता सरकारी अस्पतालों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को जनता के प्रति जवाबदेह बनने और सरकारी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद कहा कि विभाग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनता तक त्वरित सेवा पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा को केवल डिग्री तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उसे रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ा जाएगा।
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि विभाग की कोशिश होगी कि राशन कार्डधारी बुजुर्ग लाभार्थियों तक उनके घर पर राशन पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र परिवार राशन कार्ड से वंचित नहीं रहेगा।
सूचना एवं जनसंपर्क तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया मंचों पर प्रसारित भ्रामक खबरों की तथ्यात्मक जांच कर आधिकारिक माध्यमों से उनका त्वरित खंडन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग का मुख्य फोकस सही, सटीक और समयबद्ध सूचना जनता तक पहुंचाना रहेगा।
समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने अपने विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े वंचित, असहाय, गरीब, दिव्यांग और पिछड़े वर्गों के लोगों का उत्थान करना है।
पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत पंचायतों में ऐसी लाइटों के रखरखाव और शिकायतों के त्वरित निपटारे को सुनिश्चित किया जाएगा।
परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने कहा कि गांवों से शहरों तक सड़क संपर्क को और अधिक सुगम एवं मजबूत बनाया जाएगा।
सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि उनकी प्राथमिकता सहकारिता का सर्वांगीण विकास करना है। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों, महिलाओं और युवाओं को सहकारिता से जोड़ने पर विशेष बल दिया जाएगा।
कला एवं संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार ने कहा कि राज्य में अश्लील और फूहड़ गीतों पर रोक लगाने के लिए कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि लोककलाओं, सांस्कृतिक धरोहरों, संग्रहालयों, रंगमंच और युवा कलाकारों को प्रोत्साहन देना विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने कहा कि पर्यटन रोजगार, व्यापार और आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण आधार है तथा इसे बढ़ावा देकर युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे।
मद्य निषेध एवं निबंधन विभाग के मंत्री मदन सहनी ने स्वीकार किया कि राज्य में शराबबंदी के बावजूद अवैध बिक्री की खबरें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इस दिशा में और कड़े कदम उठाने जा रही है तथा माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भाषा कैलाश
राजकुमार
राजकुमार
0805 1833 पटना