ओला कंज्यूमर दूसरी छमाही में मुक्त नकदी प्रवाह के स्तर पर हुई सकारात्मक
रमण
- 08 May 2026, 04:17 PM
- Updated: 04:17 PM
नयी दिल्ली, आठ मई (भाषा) ऑनलाइन कैब बुकिंग की सुविधा देने वाली कंपनी ओला कंज्यूमर वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी छमाही में मुक्त नकदी प्रवाह यानी अधिशेष नकदी के मामले में सकारात्मक हो गई है। सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
यह सुधार कंपनी की मूल इकाई एएनआई टेक्नोलॉजीज में एक साल तक चले पुनर्गठन के बाद आया है जो उसके कारोबारी ढांचे में बदलाव का संकेत देता है।
नियामकीय दाखिल दस्तावेजों के मुताबिक, कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 में 1,394 करोड़ रुपये की कुल आय दर्ज की थी, जबकि परिवहन कारोबार में 288 करोड़ रुपये का कर-पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) में घाटा हुआ था। इसी अवधि में कुल घाटा 457 करोड़ रुपये रहा, जिसमें छूट आधारित परिचालनों से जुड़े नुकसान भी शामिल हैं।
सूत्रों ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में मुक्त नकदी प्रवाह में सुधार कर्मचारियों की संख्या में कमी, परिचालन समेकन और स्वचालन जैसे कदमों के कारण संभव हुआ। कंपनी ने इस दौरान ओएनडीसी (ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स) से जुड़े फूड और कॉमर्स कारोबार को भी बंद कर दिया, ताकि मुख्य कारोबार पर ध्यान केंद्रित किया जा सके।
कंपनी को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2026-27 में भी मुक्त नकदी प्रवाह बना रहेगा।
परिचालन सुधार के साथ कंपनी ने अपने कारोबारी मॉडल में भी बदलाव किया है। ओला ने देशभर में 'जीरो-कमीशन' मॉडल लागू किया है, जिसके तहत प्रति राइड 15-20 प्रतिशत कमीशन की जगह चालकों से निश्चित दैनिक या मासिक सदस्यता शुल्क लिया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, इससे कंपनी को अधिक स्थिर आय प्राप्त होगी, जबकि विज्ञापन, वित्तीय सेवाओं, उद्यम अनुबंध और सब्सक्रिप्शन जैसे नए स्रोतों से अतिरिक्त कमाई पर भी जोर दिया जा रहा है।
ऑनलाइन टैक्सी कारोबार में पहले उबर के साथ मिलकर ओला का बाजार पर लगभग दबदबा था, लेकिन पिछले तीन वर्षों में दोनों की संयुक्त बाजार हिस्सेदारी घटकर 60-70 प्रतिशत रह गई है।
इस बीच, ओला की इलेक्ट्रिक वाहन इकाई ओला इलेक्ट्रिक के स्कूटर एस1 एक्स प्लस (5.2 केडब्ल्यूएच) को केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 के तहत इंटरनेशनल सेंटर फॉर ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी, मानेसर से मंजूरी मिल गई है। कंपनी के स्वदेशी 4680 'भारत सेल' बैटरी पैक से लैस यह स्कूटर कंपनी का सबसे लंबी रेंज देने वाला मॉडल बन गया है।
ओला इलेक्ट्रिक का दावा है कि यह स्कूटर 320 किलोमीटर (आईडीसी) की रेंज और 125 किमी प्रति घंटे की अधिकतम गति प्रदान करता है।
भाषा प्रेम प्रेम रमण
रमण
0805 1617 दिल्ली