'सरके चुनर' विवाद: नोरा फतेही ने महिला आयोग के समक्ष माफी मांगी
नरेश
- 07 May 2026, 08:16 PM
- Updated: 08:16 PM
(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) अभिनेत्री नोरा फतेही 'सरके चुनर' गाने के बोल को लेकर उपजे विवाद के सिलसिले में बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) के समक्ष पेश हुईं और माफी मांगते हुए कहा कि उनका "किसी को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था।"
नोरा ने आयोग में सुनवाई के बाद संवाददाताओं से कहा कि उनसे अनजाने में गलती हो गई, लेकिन वह एक कलाकार के तौर पर अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करती हैं।
नोरा ने कहा, "यह एक ऐसी स्थिति है, जिसमें मैं अनजाने में फंस गई और मेरा किसी को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था। हालांकि, एक कलाकार होने के नाते बेशक मुझे जिम्मेदार रुख अपनाना चाहिए। मैं माफी मांगती हूं, हमने सब कुछ लिखित में दिया है। वे (आयोग की सदस्य) बेहद विनम्र और मददगार रही हैं।"
अभिनेत्री ने कहा कि उन्होंने कुछ अनाथ लड़कियों की शिक्षा का खर्च उठाने का फैसला किया है।
उन्होंने कहा, "समाज को कुछ वापस देना हमारे लिए बहुत जरूरी है। इसलिए मैंने तय किया है कि हमें कुछ अनाथ लड़कियों की शिक्षा का खर्च उठाना चाहिए। इस मामले के बाद यही हमारा लक्ष्य है।"
राष्ट्रीय महिला आयोग ने एक बयान में कहा कि नोरा ने बिना शर्त माफीनामा पेश किया है।
बयान के मुताबिक, नोरा ने कहा कि उन्हें कन्नड़ भाषा अच्छी तरह से नहीं आती और गाने के हिंदी संस्करण से जो आपत्तिजनक संदेश जा रहा है, वह उससे भी अनजान हैं।
बयान में कहा गया है कि नोरा ने गाने के बोल को लेकर उपजे विवाद पर खेद जताया और आयोग को भरोसा दिलाया कि वह भविष्य में किसी प्रोजेक्ट के लिए हामी भरते समय अधिक सावधानी बरतेंगी।
सुनवाई के दौरान एनसीडब्ल्यू अध्यक्ष विजया रहाटकर ने इस तरह की अश्लील सामग्री से समाज पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कलाकार और सार्वजनिक हस्तियां अनुबंध की शर्तों या जानकारी की कमी का हवाला देकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकते।
रहाटकर ने कहा कि मशहूर हस्तियां समाज पर, खास तौर पर युवाओं पर, महत्वपूर्ण प्रभाव डालती हैं और उन्हें लोगों को दिए जाने वाले संदेशों को लेकर सचेत रहना चाहिए।
इससे पहले, नोरा ने गाने के हिंदी संस्करण से किनारा करते हुए कहा था कि उन्होंने कन्नड़ संस्करण की शूटिंग की थी और हिंदी में गाने के इस्तेमाल के लिए उनकी अनुमति नहीं ली गई थी।
यूट्यूब पर 15 मार्च को रिलीज किए गए हिंदी संस्करण में इस्तेमाल आपत्तिजनक शब्दों को लेकर जनता के एक वर्ग में आक्रोश फैल गया था।
विरोध के बाद फिल्म निर्माताओं ने हिंदी संस्करण को यूट्यूब से हटा दिया। हालांकि, यह अन्य मंचों पर प्रसारित होता रहा।
'सरके चुनर' के गीतकार, गायक और निर्देशक ने भी माफी मांगी है।
यह गाना कन्नड़ फिल्म 'केडी : द डेविल' में नोरा और अभिनेता संजय दत्त पर फिल्माया गया था। फिल्म को हिंदी सहित चार भाषाओं में भी "डब" और प्रदर्शित किया गया है।
भाषा पारुल नरेश
नरेश
0705 2016 दिल्ली