राजनाथ सिंह, शाह और अन्य केंद्रीय मंत्रियों ने सोशल मीडिया प्रोफाइल पर 'ऑपरेशन सिंदूर' का लोगो लगाया
वैभव
- 07 May 2026, 12:34 PM
- Updated: 12:34 PM
नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और अन्य शीर्ष केंद्रीय मंत्रियों ने ऑपरेशन सिंदूर के एक वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बृहस्पतिवार को अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल की तस्वीर बदल दी।
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल समेत अन्य केंद्रीय मंत्रियों ने भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान के बाद अपनी प्रोफाइल फोटो बदली।
पहलगाम में 22 अप्रैल, 2025 को किए गए घातक आतंकवादी हमले के जवाब में ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया गया था, जिसमें भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में कई आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए थे।
सैन्य अभियान शुरू करने के बाद, भारतीय सेना ने सात मई को 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा था, "न्याय मिल गया है। जय हिंद!"
प्रधानमंत्री ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि एक साल पहले ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सशस्त्र बलों ने अपने शौर्य का प्रदर्शन किया था और हमारे लोगों पर हमला करने वालों को करारा जवाब दिया था। उन्होंने कहा कि देश का हर नागरिक भारतीय सशस्त्र बलों पर गर्व करता है।
उन्होंने कहा, ''हमारी सेनाओं और ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उनकी सफलता के सम्मान में आइए हम सभी अपने सोशल मीडिया मंचों एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप पर अपनी डिस्प्ले पिक्चर को बदलकर नीचे साझा की गई तस्वीर लगाएं।'' इसी के साथ ही उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर अपलोड की गई तस्वीर साझा की।
रक्षा मंत्री सिंह ने 'एक्स' पर अपनी प्रोफाइल फोटो बदलते हुए एक पोस्ट में कहा कि ऑपरेशन सिंदूर राष्ट्रीय संकल्प और तैयारी का एक "शक्तिशाली प्रतीक" है।
उन्होंने लिखा, "ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर, हम अपने सशस्त्र बलों के शौर्य और बलिदान को सलाम करते हैं, जिनका साहस और समर्पण राष्ट्र की रक्षा करता रहता है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उनके कार्यों ने अद्वितीय सटीकता, निर्बाध समन्वय और विभिन्न सेवाओं के बीच गहन तालमेल को दर्शाया, जिसने आधुनिक सैन्य अभियानों के लिए एक मिसाल कायम की।"
केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में चलाया गया ऑपरेशन सिंदूर दुनिया को एक स्पष्ट संदेश था कि भारत अपने नागरिकों के खिलाफ रची गई साजिशों पर बिजली की तरह प्रहार करता है।
शेखावत ने कहा, "ऑपरेशन सिंदूर भारत की दृढ़ इच्छाशक्ति, सैन्य क्षमता और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है।"
पर्यावरण मंत्री यादव ने भी 'एक्स' पर एक और डिजिटल पोस्टर साझा किया।
उन्होंने कहा, ''जिस दिन भारत ने सिंदूर का बदला लिया था ! ऑपरेशन सिंदूर का एक साल पूरा हुआ,''।
उन्होंने जो पोस्टर साझा किया उस पर लिखा था, जिन्होंने भारतीय महिलाओं के माथे से 'सिंदूर' मिटाया, उन्हें 'नक्शे से मिटा दिया गया।'
भाषा
शोभना वैभव
वैभव
0705 1234 दिल्ली