हिमंत शर्मा ने असम के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया, 11 मई के बाद हो सकता है शपथ ग्रहण
नरेश
- 06 May 2026, 03:21 PM
- Updated: 03:21 PM
(तस्वीरों के साथ)
गुवाहाटी, छह मई (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ इस्तीफा दे दिया जिससे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व में नयी सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने 126 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीटें जीती हैं। असम में विधानसभा चुनाव नौ अप्रैल को एक चरण में हुए थे और मतगणना चार मई को हुई थी।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''असम चुनाव 2026 के परिणामों की औपचारिक अधिसूचना के बाद और नयी सरकार के गठन को सुगम बनाने के लिए डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने आज लोक भवन में माननीय राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा सौंप दिया और साथ ही उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों ने भी इस्तीफा सौंप दिया।''
पोस्ट में कहा गया कि राज्यपाल ने इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और नयी सरकार के पदभार संभालने तक शर्मा से कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में बने रहने का अनुरोध किया है।
बाद में लोक भवन के बाहर पत्रकारों से बातचीत में शर्मा ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह 11 मई के बाद होने की संभावना है।
उन्होंने कहा, ''यह ऐतिहासिक जीत है, इसलिए हमने इस अवसर पर उपस्थित होने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आमंत्रित किया है।''
शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सूचित किया है कि नरेन्द्र मोदी 11 मई तक व्यस्त हैं और उसके बाद ही राज्य का दौरा कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री के चयन के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ''भारतीय जनता पार्टी ने दो केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं। उनकी मौजूदगी में विधायक दल अगला मुख्यमंत्री चुनने के लिए अपने नेता का नाम प्रस्तावित करेगा। इसके बाद राजग के घटक दल बैठकर नाम को अंतिम रूप देंगे। इसलिए हमें प्रक्रिया के पूरा होने का इंतजार करना चाहिए।''
भाजपा ने मंगलवार को असम में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री जे पी नड्डा को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया, जबकि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को सह-पर्यवेक्षक बनाया गया।
अपने कैबिनेट सहयोगी रानोज पेगु और विधायक मानब डेका के साथ शर्मा ने कहा, ''विधायक दल की बैठक 11 मई से पहले होगी। इसकी जानकारी हमें आज या कल नड्डा के कार्यालय से मिल जाएगी। तारीख नड्डा और सैनी तय करेंगे।''
उन्होंने बताया कि पार्टी विधायकों की बैठक और राजग सदस्यों द्वारा नेता के नाम को मंजूरी मिलने के बाद भाजपा सरकार बनाने का दावा पेश करेगी।
जब उनसे पूछा गया कि क्या मंत्रिमंडल में नए चेहरों को जगह मिलेगी तो शर्मा ने कहा, ''विधायक दल का नेता अभी चुना जाना बाकी है। नए मुख्यमंत्री ही तय करेंगे कि मंत्रिपरिषद में नए चेहरे शामिल होंगे या नहीं।''
विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा ने 82 सीटें जीतीं, जबकि उसके सहयोगी बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) असम गण परिषद (अगप) ने 10-10 सीटें हासिल कीं।
भाषा
गोला नरेश
नरेश
0605 1521 गुवाहाटी