अरुणाचल प्रदेश की लोअर दिबांग घाटी में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़, चार महिलाओं को बचाया
नरेश
- 04 May 2026, 02:45 PM
- Updated: 02:45 PM
इटानगर, चार मई (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के लोअर दिबांग घाटी जिले के रोइंग में पुलिस ने एक रिसॉर्ट पर छापेमारी के दौरान एक देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़ किया और वहां से चार महिलाओं को बचाया। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अवैध गतिविधियों के बारे में मिली विशिष्ट सूचनाओं के आधार पर रोइंग पुलिस थाने की एक टीम ने रविवार रात मेका क्षेत्र के एक रिसॉर्ट पर अचानक छापा मारा।
रोइंग पुलिस थाने की प्रभारी अधिकारी तानिया उली ने बताया कि इस अभियान के दौरान असम के तिनसुकिया क्षेत्र से लाई गई चार महिलाओं को बचाया गया और उन्हें पुलिस थाने लाया गया।
पुलिस ने बताया कि रिसॉर्ट मैनेजर, मालिक और कई ग्राहकों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, और यह भी बताया कि छापेमारी के दौरान इन व्यक्तियों को वेश्यावृत्ति में लिप्त पाया गया था।
अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इस गिरोह में राज्य के बाहर से महिलाओं को लाया जाता था जबकि अधिकांश ग्राहक राज्य के निवासी थे।
पुलिस ने कहा कि उन्हें पिछले कुछ दिनों से इलाके में संदिग्ध अनैतिक गतिविधियों के संबंध में जनता से सूचनाएं और शिकायतें मिल रही थीं।
रोइंग पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता और अनैतिक व्यापार (रोकथाम) अधिनियम (आईटीपीए) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान करने और जिले में इस तरह की अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के प्रयास जारी हैं।
इस बीच, अरुणाचल प्रदेश के गृह मंत्री मामा नटुंग ने सोशल मीडिया पोस्ट में रिंगू न्गुपोक के नेतृत्व वाली पुलिस टीम की छापेमारी और उसके बाद चार महिलाओं को बचाने के लिए प्रशंसा की।
उन्होंने कहा, "हमारी सरकार सामाजिक बुराइयों और अवैध गतिविधियों के प्रति शून्य-सहिष्णुता की नीति अपनाती है।"
नटुंग ने कहा, "यह प्रतिष्ठान बिना लाइसेंस के अवैध रूप से संचालित हो रहा था। मालिक और प्रबंधक दोनों को हिरासत में ले लिया गया है और कानून के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए मामला दर्ज किया गया है।"
पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी सरकार अरुणाचल प्रदेश को सुरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है और लाभ के लिए दूसरों का शोषण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखेगी।
भाषा तान्या नरेश
नरेश
0405 1445 इटानगर