भाजपा नेता के बयान पर सचिन पायलट ने कहा: इन बातों पर मैं ध्यान नहीं देता
राजकुमार
- 02 May 2026, 08:35 PM
- Updated: 08:35 PM
(फाइल फोटो के साथ)
जयपुर, दो मई (भाषा) कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राजस्थान मामलों के प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल द्वारा उनके खिलाफ की गई टिप्पणी को यह कहते हुए दरकिनार कर दिया कि वह ऐसी बातों पर ध्यान नहीं देते।
पायलट ने आरोप लगाया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की राजस्थान की पहली यात्रा के दौरान ऐसी टिप्पणी के पीछे कोई "साजिश" हो सकती है।
उन्होंने यह भी कहा कि उनका ध्यान राजस्थान में कांग्रेस को फिर से सत्ता में लाने पर है।
टोंक से विधायक पायलट ने शनिवार को सीकर के खाटू श्याम मंदिर में पूजा-अर्चना की।
उसके बाद उन्होंने मीडिया से कहा, ''इन बातों पर मैं ध्यान नहीं देता हूं। मेरा ध्यान सिर्फ चिड़िया की उस आंख पर केंद्रित है कि हमें राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनानी है। ढाई साल में पूरी तरह फेल हो चुकी भाजपा की निष्क्रिय सरकार सत्ता से बाहर करना है।''
उन्होंने कहा,''यहां दोबारा कांग्रेस का राज लाना है। मेरा राजनीतिक कर्तव्य यही है कि हम कांग्रेस को मजबूत करें। बाकी कौन क्या बोल रहा है, क्या नहीं बोल रहा है? इसपर मेरा कोई ध्यान नहीं है। कई बार लोग खुद का नाम अखबार में छपवाने के लिए कुछ भी बोल जाते हैं।''
नितिन नवीन की टोंक यात्रा का जिक्र करते हुए पायलट ने कहा कि यह हैरानी की बात है कि इस यात्रा के दौरान ऐसी टिप्पणियां की गईं।
उन्होंने कहा,''मेरे ख्याल से (ऐसी टिप्पणी किए जाने के पीछे) कोई साजिश होगी। अब तो कोई यह भी नहीं पूछ रहा कि नितिन नवीन आए थे या नहीं।''
भाजपा नेता अग्रवाल ने सोमवार को टोंक में पार्टी के एक कार्यक्रम में कहा कि एक "बहुरूपिया" टोंक का विधायक बन गया है। इस कार्यक्रम को भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने संबोधित किया था।
गंगानगर में हाल में भाजपा विधायक एवं अधिकारी के बीच कथित मारपीट की घटना पर पायलट ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में हिंसा की कोई जगह नहीं है। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच करवाए जाने की मांग की ताकि दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
भाजपा एवं केंद्र सरकार को निशाना साधते हुए उन्होंने महिला आरक्षण कानून के क्रियान्वयन में देरी पर भी सवाल उठाया और कहा कि संसद द्वारा इसे पारित किए जाने के बावजूद इसे अधिसूचित नहीं किया गया।
उन्होंने केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा पर चुनाव के दौरान इस मुद्दे का राजनीतिक उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाया और कहा कि विपक्ष ने पहले इस कानून का समर्थन किया था।
पायलट ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आलोचना की और आरोप लगाया कि चुनाव प्रचार के दौरान आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया गया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए हैं वहां कांग्रेस अच्छा प्रदर्शन करेगी।
भाषा पृथ्वी राजकुमार
राजकुमार
0205 2035 जयपुर