पटियाला में रेलवे पटरी पर विस्फोट का प्रयास; एनआईए जांच की संभावना: पुलिस
माधव
- 28 Apr 2026, 04:29 PM
- Updated: 04:29 PM
चंडीगढ़, 28 अप्रैल (भाषा) पंजाब के पटियाला में शंभू इलाके के पास मालगाड़ी कॉरिडोर की पटरी को विस्फोट से उड़ाने का प्रयास किया गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने इस बात की ओर ध्यान दिलाया कि तीन महीने में यह इस तरह की दूसरी घटना है। उन्होंने संकेत दिया कि इस मामले में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) द्वारा जांच किए जाने की संभावना है।
पटियाला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) वरुण शर्मा ने बताया कि सोमवार रात पटरी को उड़ाने का प्रयास कर रहे व्यक्ति की विस्फोट में मौत हो गई।
पुलिस ने मृतक संदिग्ध की पहचान तरन तारन जिले के पंजवार गांव निवासी जगरूप सिंह के रूप में की।
विस्फोट स्थल का दौरा करने वाली विशेष पुलिस महानिदेशक (रेलवे) शशि प्रभा द्विवेदी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध को अमृतसर में अपनी मोटरसाइकिल खड़ी करते हुए देखा जा सकता है।
यह विस्फोट शंभू-अंबाला रेलवे पटरी के पास हुआ। पुलिस ने पहले बताया था कि घटनास्थल से एक क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया है।
शुरू में इसे कम तीव्रता का विस्फोट माना गया था लेकिन बाद में जांच से पता चला कि यह पटरी को विस्फोट से उड़ाने की कोशिश थी।
पुलिस ने बताया कि यह विस्फोट बोथोनिया गांव के पास सोमवार रात मालगाड़ियों के लिए निर्धारित पटरी पर हुआ।
विस्फोट के कारण पटरी को भी कुछ नुकसान पहुंचा और रेल लाइन के नीचे एक छोटा सा गड्ढा बन गया।
द्विवेदी ने घटनास्थल पर पत्रकारों को बताया कि यह विस्फोट उस समय हुआ जब एक मालगाड़ी पटरी से गुजर रही थी।
उन्होंने बताया कि 'लोको पायलट' को लगा कि कुछ शरारत हुई है और फिर उसने प्राधिकारियों को सतर्क कर दिया।
घटना की एनआईए जांच के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में विशेष विशेष पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने कहा कि यह इस तरह की दूसरी घटना है, इसलिए एनआईए जांच की पूरी संभावना है।
एसएसपी ने कहा, ''देर रात हमें शंभू-हरियाणा सीमा के पास रेल पटरी पर कम तीव्रता वाले विस्फोट की सूचना मिली। मैं इसके तुरंत बाद पुलिस उप महानिरीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थिति का जायजा लेने के लिए घटनास्थल पर पहुंचा।''
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से एक सिम कार्ड मिला है।
एसएसपी ने कहा कि राजकीय रेलवे पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल और अन्य एजेंसियां जांच में शामिल हैं।
विस्फोट के बाद, एक फोरेंसिक टीम, बम रोधक दस्ता और अन्य एजेंसियां घटनास्थल पर पहुंचीं।
इससे पहले जनवरी में फतेहगढ़ साहिब जिले के सरहिंद में रेल पटरी पर हुए विस्फोट में एक इंजन क्षतिग्रस्त हो गया था और एक लोको पायलट घायल हो गया था।
भाषा यासिर माधव
माधव
2804 1629 चंडीगढ़