सन फार्मा 11.75 अरब डॉलर के उद्यम मूल्यांकन पर ऑर्गेनॉन एंड कंपनी का करेगी अधिग्रहण
मनीषा
- 27 Apr 2026, 10:33 AM
- Updated: 10:33 AM
नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (भाषा) दवा कंपनी सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड 11.75 अरब अमेरिकी डॉलर के उद्यम मूल्यांकन पर अमेरिकी कंपनी ऑर्गेनॉन एंड कंपनी का पूरी तरह से नकद सौदे में अधिग्रहण करेगी।
यह किसी भी भारतीय कंपनी द्वारा विदेश में किए गए सबसे बड़े अधिग्रहणों में से एक होगा।
कंपनी ने सोमवार को बयान में कहा कि उसने एक अंतिम समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड इसके तहत ऑर्गेनॉन एंड कंपनी के सभी बकाया शेयर 14 डॉलर प्रति शेयर के हिसाब से खरीदेगी। यह पूरा सौदा नकद में होगा और इसका उद्यम मूल्यांकन 11.75 अरब डॉलर है।
ऑर्गेनॉन एक वैश्विक स्वास्थ्य सेवा कंपनी है जिसका गठन 2021 में मर्क से अलग होकर हुआ था। इसे अमेरिका और कनाडा के बाहर एमएसडी के नाम से जाना जाता है। इसके यूरोपीय संघ और उभरते बाजारों में छह विनिर्माण संयंत्र हैं।
बयान के अनुसार, सौदा पूरा होने के बाद सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड 12.4 अरब डॉलर के संयुक्त राजस्व के साथ दुनिया की शीर्ष 25 दवा कंपनियों में शामिल हो सकती है। यह स्थापित ब्रांड तथा ब्रांडेड जेनेरिक दवाओं में एक प्रमुख खिलाड़ी भी बन सकती है।
सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड का यह अधिग्रहण भारतीय कंपनियों के बड़े विदेशी अधिग्रहणों में शामिल होगा। इससे पहले टाटा स्टील ने 2007 में कोरस का 12 अरब डॉलर में और भारती एयरटेल ने 2010 में कुवैत की जैन टेलीकॉम के अफ्रीकी कारोबार का 10.7 अरब डॉलर में अधिग्रहण किया था।
अधिग्रहण पर टिप्पणी करते हुए सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कार्यकारी चेयरमैन दिलीप संघवी ने कहा, '' यह सौदा सन फार्मा के 'लोगों तक पहुंचने एवं जीवन को बेहतर बनाने' के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है। ऑर्गेनॉन एंड कंपनी का खंड, क्षमताएं और वैश्विक पहुंच हमारे साथ काफी हद तक मेल खाते हैं। हमें विश्वास है कि दोनों संगठनों के साथ आने से एक मजबूत और विविध मंच तैयार होगा।''
ऑर्गेनॉन एंड कंपनी की कार्यकारी प्रमुख कैरी कॉक्स ने कहा, '' रणनीतिक विकल्पों की व्यापक समीक्षा के बाद हमारे निदेशक मंडल ने तय किया कि यह पूर्ण नकद सौदा ऑर्गेनॉन एंड कंपनी के शेयरधारकों को तत्काल एवं आकर्षक मूल्य प्रदान करता है। हमें विश्वास है कि सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड...ऑर्गेनॉन एंड कंपनी के कारोबार, कर्मचारियों एवं मरीजों का वैश्विक स्तर पर समर्थन करने के लिए बेहतर विकल्प है।''
सौदे के बाद सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड वैश्विक महिला स्वास्थ्य क्षेत्र में शीर्ष तीन कंपनियों में शामिल हो जाएगी और भविष्य की वृद्धि के लिए एक मजबूत व्यावसायिक मंच तैयार होगा। साथ ही यह दुनिया की सातवीं सबसे बड़ी बायोसिमिलर कंपनी भी बन जाएगी।
सौदा पूरा होने के बाद कंपनी 150 देश में मौजूद होगी जिनमें 18 बड़े बाजार ऐसे होंगे जहां प्रत्येक से 10 करोड़ डॉलर से अधिक का राजस्व आएगा।
निवेशक प्रस्तुति में सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने कहा कि संयुक्त कारोबार से दो से चार साल में 35 करोड़ डॉलर से अधिक की संभावित समन्वय (सिनर्जी) लाभ मिल सकते हैं।
इस सौदे को दोनों कंपनियों के निदेशक मंडलों ने मंजूरी दे दी है और इसके 2027 की शुरुआत में पूरा होने की उम्मीद है। यह नियामकीय मंजूरियों और ऑर्गेनॉन एंड कंपनी के शेयरधारकों की स्वीकृति सहित सामान्य शर्तों पर निर्भर करेगा।
ऑर्गेनॉन एंड कंपनी महिला स्वास्थ्य क्षेत्र में वैश्विक अग्रणी कंपनी है। इसके पास महिला स्वास्थ्य एवं सामान्य दवाओं में 70 से अधिक उत्पादों का खंड है। इनमें बायोसिमिलर शामिल हैं और यह 140 देशों में उपलब्ध हैं। इसके प्रमुख बाजारों में अमेरिका, यूरोप, चीन, कनाडा और ब्राजील शामिल हैं।
ऑर्गेनॉन एंड कंपनी का 31 दिसंबर 2025 को समाप्त वर्ष में राजस्व 6.2 अरब डॉलर और समायोजित कर पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) 1.9 अरब डॉलर थी। कंपनी पर 8.6 अरब डॉलर का कर्ज था। साथ ही उसके पास 57.4 करोड़ डॉलर की नकद राशि मौजूद थी।
कंपनी ने हाल ही में एक उत्पाद के विनिवेश को पूरा किया जिससे उसे 44 करोड़ डॉलर की अग्रिम राशि मिली जिसकी शुद्ध आय 31 मार्च 2026 तक उसकी नकदी स्थिति को और मजबूत करेगी।
इस घोषणा के बाद सन फार्मा के शेयर में सात प्रतिशत से अधिक की तेजी आई और बाजार मूल्यांकन में 27,462 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है।
भाषा निहारिका मनीषा
मनीषा
2704 1033 दिल्ली