अदालत ने आईआरएस अधिकारी की बेटी की हत्या के आरोपी को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजा
वैभव
- 23 Apr 2026, 04:25 PM
- Updated: 04:25 PM
नयी दिल्ली, 23 अप्रैल (भाषा) दिल्ली की एक अदालत ने पॉश इलाके कैलाश हिल्स में एक वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी की बेटी की हत्या के आरोपी घरेलू सहायक राहुल मीणा को बृहस्पतिवार को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
वहीं, आरोपी मीणा ने अदालत में कहा, ''मुझसे अपराध हो गया... गलती हो गई।''
न्यायिक मजिस्ट्रेट दीपिका ठाकरान ने दिल्ली पुलिस की उस याचिका को स्वीकार कर लिया, जिसमें मीणा (19) को पूछताछ के लिए चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का अनुरोध किया गया था।
आरोपी का चेहरा कपड़े से ढका हुआ था और उसे दोपहर करीब 2:30 बजे खचाखच भरे न्यायालय कक्ष में पेश किया गया।
मजिस्ट्रेट ने मीणा से चिकित्सा-कानूनी रिपोर्ट (एमएलसी) में दर्शाई गई चोटों के बारे में पूछा, जिस पर आरोपी ने कहा कि छत से उतरते समय उसे चोट लगी थी।
अदालत द्वारा अन्य सवाल पूछे जाने पर आरोपी ने कहा कि उससे गलती हुई है और उसने अपराध किया है।
जब अदालत ने आरोपी से अपराध करने का कारण पूछा, तो मीणा ने कहा कि लॉकर खोलने के लिए लड़की की उंगलियों के निशान की जरूरत थी।
जांच से पता चला है कि आरोपी ने पीड़िता के साथ तब बलात्कार किया जब वह बेहोश थी। इसके बाद वह उसे सीढ़ियों से घसीटकर नीचे लाया और दूसरे कमरे में ले गया जहां एक लॉकर रखा था। उसने पीड़िता की उंगलियों का उपयोग करके बायोमेट्रिक लॉक खोलने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं खुला। इसके बाद आरोपी ने पेंचकस का इस्तेमाल करके लॉकर तोड़ा और नकदी व गहने चुरा लिये।
हालांकि, अदालत ने स्पष्ट किया कि इसे औपचारिक इकबालिया बयान नहीं माना जाएगा।
दिल्ली पुलिस ने ''जघन्य अपराध'' की जांच के लिए आरोपी से चार दिन की हिरासत में पूछताछ के लिए रिमांड आवेदन दायर किया था।
अभियोजन पक्ष ने कहा कि उसे पीड़िता का मोबाइल फोन ढूंढना होगा, आरोपी के प्रवेश करने और निकलने के रास्ते के बारे में पता करना होगा और यह पता लगाना होगा कि क्या इस अपराध में कोई और भी शामिल था।
अभियोजन पक्ष ने कहा, ''हम अलवर में भी उसके (राहुल मीणा के) खिलाफ इसी तरह के एक मामले की जांच कर रहे हैं।''
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पॉश इलाके कैलाश हिल्स में भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के वरिष्ठ अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की बुधवार सुबह कथित तौर पर बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई थी।
आरोपी ने इस घटना को अंजाम देने से कुछ घंटे पहले राजस्थान के अलवर में भी एक महिला का यौन उत्पीड़न किया था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी मीणा ने करीब आठ महीने तक आईआरएस अधिकारी के आवास में घरेलू सहायक के तौर पर काम किया था और तकरीबन डेढ़ महीने पहले उसे काम से निकाल दिया गया था।
भाषा शफीक वैभव
वैभव
2304 1625 दिल्ली