जम्मू-कश्मीर: 34 आईपीएस समेत 82 पुलिस अधिकारियों के तबादले
पवनेश
- 02 Apr 2026, 07:27 PM
- Updated: 07:27 PM
जम्मू, दो अप्रैल (भाषा) जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बृहस्पतिवार को पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 34 अफसरों समेत कुल 82 अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित किया।
इस फेरबदल के तहत अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) और अपराध शाखा को नए पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) मिले हैं।
प्रधान सचिव चंद्राकर भारती द्वारा जारी एक सरकारी आदेश के अनुसार, सिन्हा ने प्रशासन के हित में पुलिस अधिकारियों के तबादले और नियुक्तियों का आदेश दिया।
इस फेरबदल के तहत 15 उप महानिरीक्षक (डीआईजी) और कई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), पुलिस अधीक्षक (एसपी) तथा पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) को नयी तैनाती प्रदान की गई है।
मुख्य फेरबदल में डीआईजी तेजिंदर सिंह को सीआईडी का आईजीपी बनाया गया है, जबकि डीआईजी उधमपुर-रियासी परिक्षेत्र सारा रिज़वी को स्थानांतरित कर अपराध शाखा के आईजीपी के पद पर तैनात किया गया है। आईजीपी अपराध शाखा का अतिरिक्त प्रभार सुजीत कुमार के पास था।
डोडा-किश्तवाड़-रामबन परिक्षेत्र (रेंज) के डीआइजी को स्थानांतरित कर जम्मू-सांबा-कठुआ परिक्षेत्र का डीआइजी नियुक्त किया गया है, वह शिव कुमार शर्मा का स्थान लेंगे जिन्हें उधमपुर-रियासी रेंज में स्थानांतरित किया गया है।
हसीब-उर-रहमान (आईपीएस) को कश्मीर का डीआईजी यातायात नियुक्त किया गया है, जबकि विनोद कुमार उत्तरी कश्मीर के नए डीआईजी होंगे। वह मकसूद-उल-ज़मान की जगह लेंगे।
मकसूद-उल-जमान, डीआईजी सशस्त्र पुलिस कश्मीर का कार्यभार संभालेंगे।
संदीप वज़ीर राजौरी-पुंछ रेंज के नए डीआईजी का पदभार संभालेंगे, सरगुन डोडा-किश्तवाड़-रामबन रेंज की डीआईजी होंगी, जबकि ज़ाहिद नसीम मनहास को रेलवे का डीआईजी नियुक्त किया गया है।
एसएसपी स्तर पर आमोद नागपुरे अशोक और अमृतपाल सिंह को उधमपुर तथा अनंतनाग जिलों में एक-दूसरे के स्थान पर भेजा गया है, जबकि कार्तिक श्रोत्रिय डोडा के, अनुज कुमार सांबा के, मुकुंद टिबरेवाल रियासी के, हरिप्रसाद के.के. बडगाम के और सुधांशु धामा गांदरबल के नए जिला प्रमुख होंगे।
सुकांत एस. बल्लभ को जम्मू का नया एसएसपी (सुरक्षा) नियुक्त किया गया है। उन्होंने राजेश कुमार शर्मा की जगह ली है, जो अब शेर-ए-कश्मीर पुलिस अकादमी, उधमपुर में नए उप निदेशक होंगे।
कमल पाल सिंह मल्होत्रा को 'फिंगर प्रिंट ब्यूरो' में एसएसपी के पद पर तैनात किया गया है।
आदेश के अनुसार, जम्मू कश्मीर पुलिस सेवा के 48 अधिकारियों में से शमशेर हुसैन को जम्मू पुलिस नियंत्रण कक्ष का एसएसपी, अमित गुप्ता को जम्मू सीआईडी के एसएसपी, मोहम्मद यूसुफ को एसएसपी सुरक्षा, सिविल सचिवालय और सज्जाद खालिद भट को सुरक्षा (कश्मीर) के एसएसपी पद पर तैनात किया गया है।
भाषा यासिर पवनेश
पवनेश
0204 1927 जम्मू